अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा उदयपुर पहुंचीं

बांसवाड़ा में दरिंदगी का शिकार हुई पीड़िता से एमबी अस्पताल में की मुलाकात

 | 
Alka Lamba in Udaipur

उदयपुर 12 सितंबर 2025। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा आज उदयपुर पहुंचीं। यहां उन्होंने बांसवाड़ा में दरिंदगी का शिकार हुई पीड़िता से एमबी अस्पताल में मुलाकात की और परिजनों को हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

इसके बाद वे माउंट आबू के लिए रवाना हुईं। मीडिया से बातचीत के दौरान लांबा ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। लांबा ने कहा कि बेटियों के साथ बलात्कार और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। 

जिस बच्ची से वे मिलीं, वह 16 साल की आदिवासी छात्रा है, जो 12 वीं साइंस की पढ़ाई कर रही है। यह बच्ची अकेली नहीं है, पूरे देश में बेटियों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि बलात्कार के मामलों में राजस्थान देश में पहले नंबर पर है । उन्होंने हाल ही में हुई कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि बेटियां आखिर कब सुरक्षित होंगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सत्ता की राजनीति में व्यस्त है जबकि कानून के तहत कठोर कार्रवाई और सजा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पूरी नहीं निभा रही। लांबा ने कहा कि महिला कांग्रेस पीड़िता की न्याय की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी और समाज से भी अपील की कि डॉक्टर, वकील और आम नागरिक बेटियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाएं। उन्होंने बताया कि इसी साल 11 हजार बेटियों के साथ जघन्य अपराध हुए हैं और वे आज भी अदालतों के चक्कर काट रही हैं।

#AlkaLamba #WomenSafety #UdaipurNews #Banswara #Udaipur #Banswara #WomenSafety #UdaipurTimes #Congress