बांसवाड़ा रेप पीड़िता से मिले गहलोत, सरकार की जिम्मेदारी पर कसा तंज
उदयपुर 20 सितंबर 2025 – राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को उदयपुर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बांसवाड़ा की नाबालिग रेप पीड़िता से एमबी चिकित्सालय में मुलाकात की और उसके परिवार एवं डॉक्टरों से उसकी स्थिति की जानकारी ली।
गहलोत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में बच्चों के खिलाफ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि हाल के महीनों में 9 साल की बच्ची से लेकर दो महीने की बच्ची तक को निशाना बनाया गया है। गहलोत ने बांसवाड़ा की घटना की तुलना दिल्ली के निर्भया कांड से की और कहा कि पीड़िता की रिकवरी लंबी और गंभीर बनी हुई है।
पूर्व सीएम ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि लोक सुरक्षा और पुलिस का विश्वास कायम रहे। उन्होंने बताया कि जब लोग पुलिस पर भरोसा करेंगे तभी पीड़ित सामने आएंगे, नहीं तो न्याय नहीं मिल पाएगा। गहलोत ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि साझा प्रयास से ऐसे अपराधों को रोका जाए।
यूनिवर्सिटी विवाद और छात्रसंघ चुनाव पर टिप्पणी
उदयपुर प्रवास पर गहलोत ने MLSU-VC सुनीता मिश्रा के औरंगजेब बयान पर कहा कि अधिकारी किसी भी समाज या व्यक्ति के खिलाफ विवादित टिप्पणी न करें। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव न होने पर भी सवाल उठाया और कहा कि राजस्थान में छात्रों की लगातार मांग के बावजूद चुनाव क्यों नहीं कराए जा रहे हैं।
संविदा कर्मचारियों की समस्या पर गहलोत का बयान
गहलोत ने प्रदेश में करीब 1 लाख संविदा कर्मियों की नियुक्तियों और सेवा स्थायित्व की मांग की। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी लंबे समय से सेवाएं दे रहे हैं उन्हें स्थायी किया जाना चाहिए।
पूर्व सीएम ने जोर देकर कहा कि हर गलती की कीमत वसूलना सरकार की जिम्मेदारी है, ताकि अधिकारियों में भय और जिम्मेदारी का भाव बना रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का एयरपोर्ट आने पर स्वागत किया

उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संजीव राजपुरोहित ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आज डबोक एयरपोर्ट आने पर उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया।
स्वागत करने वालों में उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी, विधायक पुष्कर डांगी, विधायक अर्जुन सिंह बामणिया, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हीरा लाल दरांगी, प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल सिंह झाला, ताराचंद मीणा, डॉ मांगी लाल गरासिया, सुरेश सुथार, रेशमा मीणा, पीसीसी सदस्य डॉ दरियाव सिंह चुंडावत, दिनेश पानेरी, मावली ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र गोखरू, गोपाल सरपटा सहित कई पदाधिकारी एवम कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
