उदयपुर मे कांग्रेस के दिव्यानी कटारा और विवेक कटारा की बहस का ऑडियो वायरल

 | 
Congress Dispute

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर में यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. दिव्यानी कटारा और पूर्व मंत्री स्व. खेमराज कटारा के बेटे एवं उदयपुर ग्रामीण विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रहे विवेक कटारा के बीच फोन पर हुई कथित तीखी बातचीत का ऑडियो सामने आया है। ऑडियो सामने आने के बाद कांग्रेस के राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।

ऑडियो में वार्डों में जाने को लेकर दोनों के बीच बहस होती सुनाई दे रही है। बातचीत के दौरान विवेक कटारा कथित तौर पर डॉ. दिव्यानी कटारा से पूछते हैं कि वे किस हैसियत से वार्डों में जा रही हैं। इस पर दिव्यानी कटारा जवाब देती हैं कि वे चुनाव में उदयपुर ग्रामीण और उदयपुर शहर दोनों विधानसभा क्षेत्रों में लगी हुई हैं और कांग्रेस उनके खून में है।

बातचीत के दौरान उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को लेकर भी दोनों के बीच तीखी बहस होती है। विवेक कटारा कथित तौर पर कहते हैं कि उदयपुर ग्रामीण विधानसभा उनका घर है। इस पर दिव्यानी कटारा जवाब देती हैं कि यह उनका भी घर और जन्मभूमि है। विवेक कटारा की ओर से डूंगरपुर को उनका घर बताए जाने पर दिव्यानी कटारा कहती हैं कि डूंगरपुर उनकी जन्मभूमि है।

ऑडियो में डॉ. दिव्यानी कटारा संगठनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दिए जाने की बात कहती सुनाई देती हैं। उनका कहना है कि वे कांग्रेस संगठन के लिए ही काम कर रही हैं। बातचीत में वे कहती हैं कि कांग्रेस एक संगठन है और यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस सहित सभी संगठन कांग्रेस का ही हिस्सा हैं।

बातचीत के दौरान विवेक कटारा कथित तौर पर यह भी कहते हैं कि अगर ऐसा ही काम करना है तो अशोक गहलोत के यहां प्रचार करें और गोगुंदा में काम करें। इस पर दिव्यानी कटारा जवाब देती हैं कि गहलोत साहब को बीच में क्यों लाया जा रहा है और उन्होंने हमेशा उनका सम्मान किया है।

डॉ. दिव्यानी कटारा ने कहा कि उदयपुर ग्रामीण विधानसभा सीट किसी की बपौती नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा विवेक कटारा का सम्मान किया, लेकिन रात में जिस तरह से उनसे बातचीत की गई, उससे उन्हें काफी ठेस पहुंची है। उनका कहना है कि मामले की पूरी बात शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता को इस तरह धमकाया जाएगा तो यह कैसे चलेगा और क्या इस तरह की बातचीत के जरिए उन्हें कांग्रेस से निकलवाया जाएगा।

वहीं, विवेक कटारा ने बातचीत को लेकर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने दिव्यानी कटारा को इसी मुद्दे पर फोन किया था। उनके अनुसार, यदि उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में दिव्यानी कटारा को पार्टी ने कोई जिम्मेदारी दे रखी है तो उन्हें संगठन के लोगों के साथ जाना चाहिए, अकेले नहीं। विवेक कटारा ने कहा कि पार्टी के लोग आपस में बातचीत करते हैं और उन्हें जो फीडबैक मिला, उसके आधार पर उन्होंने फोन कर अपनी बात रखी।

विवेक कटारा ने यह भी कहा कि उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में जिम्मेदारी उनकी है और क्षेत्र में कोई बात होगी तो पार्टी उनसे जवाब मांगेगी।

ऑडियो सामने आने के बाद दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत को लेकर कांग्रेस के स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News