उदयपुर नगर निगम समेत सहित अन्य शहरी निकायों मे भी उम्मीदवार उतारेगी BAP
Udaipur Times, Political News: भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने आगामी नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों को लेकर उदयपुर में चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी अब ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहर की राजनीति में भी सक्रिय रूप से उतरने की तैयारी कर रही है।
बुधवार को उदयपुर में जिलेभर के पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद राजकुमार रोत के नेतृत्व में पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान आगामी चुनावों की रणनीति और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पार्टी ने पंचायतीराज चुनावों के लिए सांसद राजकुमार रोत को प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद रोत ने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
सांसद राजकुमार रोत ने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी उदयपुर नगर निगम सहित अन्य शहरी निकायों के वार्डों में भी अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता दोनों प्रमुख दलों की नीतियों से परेशान हो चुकी है।
बैठक के माध्यम से BAP ने साफ संकेत दिए कि आगामी नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों में पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
