BJP ने मुख्यमंत्री के रोड शो के ज़रिए उदयपुर में चुनावी ताकत दिखाने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने कि कोशिश की
UdaipurTimes, September 6, 2026 | Udaipur Nagar Nigam Elections CM Rally: उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को लेकसिटी पहुंचे और शहर में रोड शो कर भाजपा के चुनावी अभियान कि शुरुआत की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का रोड शो सूरजपोल से शुरू हुआ, जो बापू बाजार होते हुए देहली गेट बैंक तिराहे तक पहुंचा। रोड शो शुरू करने से पहले मुख्यमंत्री ने सूरजपोल चौराहे पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।भाजपा ने मुख्यमंत्री के रोड शो के जरिए शहर में अपनी चुनावी ताकत दिखाने और पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की। रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
उदयपुर नगर निगम चुनाव भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी पिछले करीब तीन दशकों से नगर निगम बोर्ड पर काबिज रही है। इस बार भाजपा ने 80 वार्डों में मिशन 60 प्लस का लक्ष्य रखा है।
नए परिसीमन के बाद शहर के कई वार्डों के समीकरण बदल गए हैं। वहीं बागी प्रत्याशियों और संभावित भितरघात के बीच भाजपा के लिए इस चुनाव में अपनी पकड़ बनाए रखना चुनौती माना जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री का रोड शो पार्टी के लिए शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
बता दें कि वर्ष 1994 से लेकर अब तक हुए नगर निगम चुनावों में वार्डों की संख्या बढ़ने के बावजूद उदयपुर में भाजपा का दबदबा कायम रहा है। इस बार मेयर पद सामान्य वर्ग के लिए ओपन होने और नए परिसीमन के चलते चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
अब भाजपा के मिशन 60 प्लस के सामने कांग्रेस समेत अन्य दलों की रणनीति पर सभी की नजरें हैं।
मुख्यमंत्री के साथ वाहन में जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन और उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा मौजूद रहे।