मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर सांसद सीपी जोशी ने कांग्रेस में बड़ी टूट का किया दावा
Udaipur Times, Political News: 12 जून 2026 । भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी शुक्रवार को उदयपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख किया और विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों को गिनाया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने शिक्षा, सड़क निर्माण और सेना को मजबूत करने सहित हर क्षेत्र में बेहतर कार्य किया है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसे महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिन्होंने देश की दिशा बदलने का काम किया है।
सीपी जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए और भाजपा अपने कार्यों का। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 60 वर्षों और भाजपा के 12 वर्षों की तुलना करने पर विकास मॉडल का अंतर स्पष्ट दिखाई देगा।
इस दौरान उन्होंने अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रही राजनीतिक स्थिति को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है, लेकिन पार्टी के भीतर अंदरखाने बड़ी जंग चल रही है और बहुत जल्द एक बड़ी टूट देखने को मिल सकती है।
