संभाग के कांग्रेस नेता दिल्ली पहुंचे, राष्ट्रीय अध्यक्ष खडगे से मिले

दक्षिणी राजस्थान और उदयपुर संभाग के हालातों पर की वार्ता

 | 
Udaipur Division congress leaders

उदयपुर 24 जुलाई 2025 । संभाग के कांग्रेस नेताओं ने बुधवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी के पूर्व मेंबर एवं पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा एवं एआईसीसी के पूर्व सचिव एवं पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा के नेतृत्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे से मुलाकात की।

सीडब्ल्यूसी के पूर्व सदस्य रघुवीर सिंह मीणा एवं एआईसीसी के पूर्व सचिव ताराचंद भगोरा के नेतृत्व में पूर्व विधायक सुरेंद्र बामणिया, पूंजीलाल परमार, शंकरलाल अहारी, प्रकाश चौधरी, डूंगरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वल्लभराम पाटीदार, प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह, पीसीसी महासचिव गोवर्धन सिंह मावली, कपिल भट्ट, अभिलाष बागडिया एवं मानव दलाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खडगे से भेंट की। 

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने खडगे को जन्मदिन की बधाई दी और बूके भेंट किए। वरिष्ठ नेता मीणा और भगोरा के साथ कांग्रेसजनों ने दक्षिणी राजस्थान के राजनैतिक हालातों, संगठनात्मक गतिविधियों एवं स्थितियों पर वार्ता की और फीडबैक दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दक्षिणी राजस्थान में कांग्रेस को मजबूती देने, कार्यकर्ताओं के साथ न्याय करने का भरोसा दिलाया और कहा कि सभी नेता एकजुट रहकर कांग्रेस को ताकत दें।

दिल्ली पहुंचे उदयपुर डिविजन के कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा से भी मुलाकात की थी और राजनैतिक हालात को लेकर फीडबैक दिया था। नेताओं ने उदयपुर में बीते दिनों हुई संविधान रैली जनसभा को लेकर भी अपना पक्ष रखा। वागड़ और मेवाड़ में कांग्रेस के भीतर के राजनैतिक हालातों को लेकर कांग्रेस नेताओं का दिल्ली पड़ाव अहम माना जा रहा है।