सरकार अगले महीने में राजनीतिक नियुक्तियां करेगी-प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की उदयपुर में प्रेसवार्ता 
 | 
madan rathod

उदयपुर 13 मई 2026। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने उदयपुर दौरे पर कहा है कि राजस्थान सरकार अगले एक महीने में राजनीतिक नियुक्तियां करेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी और पार्टी कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा।

मंगलवार को उदयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राज्य में कई राजनीतिक पद खाली पड़े हैं, जिन्हें जल्द भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि वित्त आयोग, देवनारायण बोर्ड और किसान आयोग सहित कई संस्थाओं में नियुक्तियां की जा चुकी हैं और शेष पदों पर भी आगामी एक महीने में नियुक्तियां कर दी जाएंगी।

राठौड़ ने कहा कि महिला आयोग, RTDC, बाल आयोग, OBC आयोग, वक्फ बोर्ड, अल्पसंख्यक आयोग, समाज कल्याण सलाहकार बोर्ड, राज्य खेल परिषद सहित कई संस्थाओं में पद रिक्त हैं। इसके अलावा खादी बोर्ड, बीज निगम, आवासन मंडल, हज कमेटी, डांग विकास बोर्ड, मगरा विकास बोर्ड और जन अभाव अभियोग निराकरण समिति जैसे निकायों में भी नियुक्तियां की जानी हैं। जिलों में विकास प्राधिकरण और UIT में चेयरमैन नियुक्त किए जाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी होगी।

नीट पेपर लीक मामले को लेकर पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के दौरान 17 पेपर लीक हुए थे और अब वही लोग इस मुद्दे को उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया।

उदयपुर फाइल्स फिल्म को लेकर पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने कहा कि एआई के जरिए कुछ भी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मीडिया ट्रायल नहीं होना चाहिए और मामले की जांच पुलिस तथा कोर्ट को करने दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास किसी नेता के खिलाफ कोई सबूत है तो वह सामने लाए, जांच करवाई जाएगी।

उदयपुर भाजपा में हाल ही में सामने आए विवाद और सोशल मीडिया पर वायरल चिट्ठियों को लेकर भी राठौड़ ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर इस मामले को लेकर बातचीत कर ली गई है और आगे ऐसी स्थिति नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह है और सभी मतभेद आपसी संवाद से सुलझा लिए गए हैं।

#MadanRathore #RajasthanPolitics #BJP #RajasthanBJP #PoliticalAppointments #Udaipur #RajasthanNews #BJPNews #RajasthanGovernment #UdaipurNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News