पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में चुनाव की घोषणा

9 से 29 अप्रैल तक होंगे चुनाव, 4 मई को आएंगे नतीजे
 | 

नई दिल्ली 15 मार्च 2026। केंद्रीय चुनाव आयोग  ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही इन राज्यों में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है और राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है।

जिन राज्यों में चुनाव होंगे उनमें पश्चिम बंगाल, असम, केरलम (केरल), तमिलनाडु और पुडुचेरी शामिल हैं। चुनाव आयोग ने मतदान और मतगणना की पूरी समय-सारणी जारी कर दी है। अब आने वाले दिनों में इन राज्यों में रैलियां, प्रचार और सियासी बयानबाजी तेज होने वाली है, जिससे चुनावी माहौल और गर्म होने की उम्मीद है।       

तमिलनाडु में एक चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा। तीन राज्य केरल, असम और पुडुचेरी में एक ही चरण यानी 9 अप्रैल को मतदान होगा। पांचों राज्यों का चुनाव परिणाम 4 मई को आएगा।

इसके साथ इन राज्यों में आचार संहिता लागू हो गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पांच राज्यों- यूटी में 17.4 करोड़ मतदाता और 824 सीटें हैं।