उदयपुर मे युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने के लिए पंचायत टास्क फोर्स लॉन्च की

 | 
congress

 

 

 

Udaipur Times, Political News: उदयपुर में कांग्रेस पार्टी के पंचायत टास्क फोर्स के नेशनल कॉर्डिनेटर अर्जुन मिश्रा ने कहा- युवाओं को पार्टी से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिश्रा ने कहा- युवाओं को संगठन से जोड़ने और अगले चुनावों में उन्हें अधिक भागीदारी देने को लेकर पंचायत टॉस्क फोर्स काम कर रही है।

मिश्रा ने बताया- पंचायत टास्क फोर्स के माध्यम से ब्लॉक से लेकर गांव और ढाणी स्तर तक युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा। इसमें पढ़े-लिखे और सक्रिय युवाओं को चिन्हित कर उन्हें संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी। युवाओं को ट्रेनिंग भी दी जाएगी, ताकि वे पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक गतिविधियों को बेहतर तरीके से समझ सकें।

अर्जुन मिश्रा ने कहा- जो युवा आगामी चुनाव में रुचि रखते हैं, उन्हें इंटरव्यू के माध्यम से मौका दिया जाएगा। कांग्रेस का प्रयास है कि अधिक से अधिक नौजवानों को राजनीति में आगे आने का अवसर मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं के शोषण की व्यवस्था तैयार की है, जबकि कांग्रेस युवाओं को राजनीतिक और संगठनात्मक मंच देने का काम करेगी।

अर्जुन मिश्रा ने बताया- पंचायत टास्क फोर्स की वेबसाइट भी लॉन्च की गई है। इसके माध्यम से चुनाव लड़ने में रुचि रखने वाले युवाओं की जानकारी जुटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जो युवा चुनाव लड़ना चाहते हैं, उन्हें मौका देने का प्रयास किया जाएगा और चुनाव मैदान में उतरने वाले युवा साथियों को संगठन की ओर से सहयोग भी दिया जाएगा।

उदयपुर देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर मीणा ने बताया- यह देशभर में चलाया जा रहा युवाओं से जुड़ा कार्यक्रम है। डीसीसी की थीम के तहत जिलों में को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किए जा रहे हैं। सीनियर नेताओं की ओर से भी युवाओं को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News