उदयपुर में गहलोत और पायलट को 'गद्दार' बताने वाले पोस्टर लगे

कांग्रेस ने जताया कड़ा विरोध

 | 
gahlot piolet poster

उदयपुर 14 अप्रैल 2025। शहर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को 'गद्दार' बताने वाले विवादित पोस्टर लगाए गए हैं। ये पोस्टर प्रतापनगर चौराहे पर देखे गए, जिससे राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

पोस्टरों में एक तरफ अशोक गहलोत और दूसरी तरफ सचिन पायलट की तस्वीरें लगी हैं, जिनमें उन्हें वक्फ बिल का विरोध करने वाला बताया गया है। साथ ही दोनों को धर्म, वतन और पूर्वजों का 'गद्दार' कहा गया है।  

इन पोस्टरों को किसने लगाया है, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन इसे राजनीतिक साजिश के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने इस हरकत पर कड़ा ऐतराज जताया है।

कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा, "ऐसी हरकतें केवल भाजपा के लोग ही कर सकते हैं। पोस्टर लगाने वाले सामने नहीं आए, छिपकर हमारे नेताओं को गद्दार बताने की कोशिश की गई है। यह सरासर गलत और निंदनीय है।"

इस घटना ने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया है। कांग्रेस ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।