राजसमंद में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन
Udaipur Times, Rajsamand News, Political News: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी राजसमंद ने जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह के नेतृत्व में रेलमगरा बस स्टैंड पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग उठाई और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। Rajsamand News
जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह ने कहा कि जंतर-मंतर पर न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित बल प्रयोग लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र शिक्षा के क्षेत्र में हुई घटनाओं और बच्चों की मौतों को लेकर न्याय की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय उनके साथ सख्ती बरती गई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और सरकार को छात्रों से संवाद कर उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि यदि किसी बड़े नेता या मंत्री के परिवार का बच्चा ऐसी घटना का शिकार हुआ होता तो सरकार का रवैया अलग होता। इसलिए केंद्र सरकार नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा ले तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करे। Rajsamand News
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराते हुए केंद्र सरकार की शिक्षा और युवा विरोधी नीतियों की आलोचना की तथा छात्रों की मांगों का समर्थन किया।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष शंकरलाल जाट, पूर्व उपप्रधान कमलेश चौधरी मंडल, जिला उपाध्यक्ष शांतिलाल प्रजापत, ब्लॉक अध्यक्ष हुक्मीचंद मेनारिया, इंटक नेता लक्ष्मीलाल मेनारिया, मंडल अध्यक्ष नारायणलाल गर्ग, भेरूलाल जाट, शोभालाल जाट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। Rajsamand News
