सचिन पायलट का उदयपुर में भव्य स्वागत
सांवलिया जी मंदिर में जन्मदिन मनाया
उदयपुर 8 सितंबर 2025। पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस नेता सचिन पायलट रविवार को उदयपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से वे सीधे सांवलिया जी के लिए रवाना हो गए, जहां अपना जन्मदिन धार्मिक एवं राजनीतिक संदेश के साथ मनाएंगे।
उदयपुर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और नेता उपस्थित रहे। उन्हें क्रेन की मदद से जोरदार नारों के बीच फूलों की विशाल माला पहनाई गई। पूर्व देहात कांग्रेस जिला अध्यक्ष लालसिंह झाला के नेतृत्व में माला उनके पुत्र और पंचायत समिति सदस्य अभिमन्यु सिंह झाला ने पायलट को पहनाई। अभिमन्यु सिंह झाला ने बताया कि यह माला लगभग 25 किलो वजनी थी और इसकी लंबाई तथा चौड़ाई 8-8 फीट थी।
सचिन पायलट हमेशा अपने जन्मदिन को अनूठे अंदाज में मनाने का प्रयास करते हैं। इससे पहले उन्होंने फतेहसागर झील में चलती बोट में केक काटकर और सज्जनगढ़ की ऊंचाई पर केक काटकर जन्मदिन मनाया था।
मीडिया से बातचीत में पायलट ने कहा कि तीन साल बाद कांग्रेस पार्टी की बंपर वापसी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है और लोग कष्ट में हैं। ऐसे में वे सांवलिया जी से राजस्थान के लोगों की सुख-समृद्धि, अमन, चैन और शांति की कामना करने जा रहे हैं। पायलट ने कहा कि उदयपुर की जनता का स्नेह देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई, जो साबित करता है कि उनकी पार्टी इस क्षेत्र में हमेशा मजबूत रही है।
