उदयपुर के सांसद मन्नालाल रावत ने बीजेपी ST मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष पदभार ग्रहण किया

 | 
Udaipur MP Mannalal Rawat

 

Udaipur Times, Political News: भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत का पदभार ग्रहण समारोह आज गरिमापूर्ण वातावरण में दिल्ली में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव, केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, राष्ट्रीय संगठक वी सतीश, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, सांसद नागेंद्र, मुकेश भाई राठवा कार्यालय प्रभारी प्रदीप कनोजिया सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा अनु. जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मन्नालाल रावत ने कहा कि आज देश में विकास के साथ-साथ विरासत और संस्कृति के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा से जुड़े कार्यक्रमों और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। हमारा लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करना है।

नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाते हुए देशभर में अनुसूचित जनजाति मोर्चा को और अधिक मजबूत करने तथा जनजातीय समाज के बीच संगठन की पहुंच को व्यापक बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष समीर उरांव ने पूर्व पदाधिकारियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। मंच संचालन मोर्चा के महामंत्री काली राम मांझी ने किया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News