अमेरिका में भारतीयों के साथ दुर्व्यवहार के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

केंद्र सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की

 | 
youth congress

उदयपुर 20 फ़रवरी 2025। अमेरिका में भारतीय नागरिकों के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार और उन्हें कैदियों की तरह भारत भेजने के विरोध में गुरुवार को युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अमेरिका की इस नीति की निंदा की और केंद्र सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की।  

युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बालू भील ने कहा कि ट्रंप सरकार बनने के बाद भारतीयों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने अमेरिका पर विदेश नीति और मानवाधिकारों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।  

देहात कांग्रेस के महासचिव डॉ. कुशलेश चौधरी ने बताया कि भारतीय नागरिकों को सैनिक वायुयान में कैदियों की तरह हथकड़ियां और पैरों में जंजीरें डालकर भारत भेजा जा रहा है। उन्हें लगभग 40 घंटे की असहनीय यात्रा के लिए मजबूर किया जा रहा है। यह व्यवहार भारत जैसे लोकतांत्रिक देश के सम्मान के खिलाफ है।  

गोगुंदा विधानसभा अध्यक्ष शक्ति सिंह झाला ने कहा कि युवा कांग्रेस केंद्र सरकार से मांग करती है कि वह अमेरिका के खिलाफ सख्त रुख अपनाए और भारतीय नागरिकों के सम्मान की रक्षा के लिए कोई समझौता न करे।  

प्रदर्शन में उपाध्यक्ष देव सोनी, महासचिव दिनेश जोशी, जिला महासचिव मोहित चौधरी, मावली विधानसभा अध्यक्ष योगेश पुष्करणा, जिला महासचिव दीपक पुष्करणा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News