नोएडा सेक्टर 51 से 4 तक Aqua लाइन मेट्रो रेल कॉरीडोर के विस्तार को दी मंजूरी
Udaipur Times, Aqua Line Metro Rail Corridor: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 तक मेट्रो रेल एक्वा लाइन कॉरिडोर के विस्तार को मंजूरी दे दी है।
इस कॉरिडोर की कुल लंबाई 8.449 किलोमीटर होगी और इसमें 5 ऊपरगामी-एलिवेटेड स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर के आरंभ होने पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कुल 71.878 किलोमीटर का सक्रिय मेट्रो रेल नेटवर्क स्थापित हो जाएगा।
लाभ और विकास को बढ़ावा:
नोएडा मेट्रो रेल परियोजना के तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 तक एक्वा लाइन मेट्रो रेल कॉरिडोर का विस्तार शहर के बुनियादी ढांचे के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यह परियोजना नगर में मेट्रो रेल नेटवर्क में व्यापक विस्तार लाएगी। Aqua Line Metro Rail Corridor
बेहतर परिवहन संपर्क:
नोएडा मेट्रो परियोजना के इस विस्तार में 8.449 किलोमीटर की नई मेट्रो लाइनें जुड़ेंगी। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा जहां अभी बेहतर परिवहन संपर्क की कमी है। यह अधिक इस्तेमाल होने वाले मेट्रो कॉरिडोर के साथ सीधा संपर्क भी प्रदान करेगा, जिसमें ब्लू लाइन पर नोएडा सेक्टर-61 में इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध है।
इस चरण का उद्देश्य नोएडा के प्रमुख क्षेत्रों को निर्बाध रूप से जोड़ना है, जिनमें गौर सिटी मॉल, एच एंड एस मॉल और ऑफिस स्पेस, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 स्थित ब्लू सैफायर मॉल और कमर्शियल स्पेस, नोएडा सेक्टर-51 में आइकिया और नोएडा सेक्टर-73 में एंथुरियम मॉल जैसे व्यावसायिक केंद्र, नोएडा सेक्टर-60 में टेक महिंद्रा और टीसीएल टेक के कार्यालय, नोएडा सेक्टर-73 में तेल उद्योग विकास बोर्ड और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 में गोल्डन आई ऑफिस एवं कमर्शियल स्पेस जैसी प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनियां और आईटी हब तथा नोएडा सेक्टर-122 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल आदि शैक्षणिक संस्थान, कैलाश अस्पताल, नोएडा सेक्टर-70 में रामा अस्पताल, नोएडा सेक्टर-51 में क्लाउड 9 अस्पताल और नोएडा सेक्टर-62 में रामा अस्पताल जैसे प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र और नोएडा सेक्टर-122 में क्लियो काउंटी रेजीडेंसी और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 में गौर सिटी 1 और 2 जैसी प्रमुख आवासीय सोसायटी शामिल हैं। Aqua Line Metro Rail Corridor
यह विस्तार इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने से संपर्क बढ़ाने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा और रोजगार, व्यवसाय, शिक्षा तथा सामान्य आवागमन के लिए निवासियों और यात्रियों की शहरी गतिशीलता आसान बनाएगा।
यातायात की भीड़भाड़ में कमी: बेहतर वैकल्पिक परिवहन के रूप में मेट्रो रेल के इस विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में यातायात की भीड़भाड़ में कमी आने की उम्मीद है। सड़क यातायात में भीड़भाड़ कम होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, यात्रा समय में कमी आएगी और समग्र सड़क सुरक्षा में सुधार होगा। Aqua Line Metro Rail Corridor
पर्यावरणीय लाभ: मेट्रो रेल एक्वा लाइन कॉरिडोर के इस विस्तार और कुल मेट्रो नेटवर्क में बढ़ोतरी से पारंपरिक पेट्रोल-डीजल चालित परिवहन की तुलना में कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी।
आर्थिक विकास: यात्रा समय में कमी और शहर के विभिन्न हिस्सों तथा दिल्ली के हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशनों और विभिन्न बस डिपो जैसे प्रमुख परिवहन केंद्रों तक बेहतर पहुंच से लोगों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। इससे वे अपने कार्यस्थलों और गंतव्यों तक अधिक सुगमता से पहुंच सकेंगे। इसके अलावा बेहतर परिवहन संपर्क साधन से खासकर नए मेट्रो स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय व्यवसायों को प्रोत्साहन मिलेगा और पहले के कम आवाजाही क्षेत्रों में निवेश और विकास को बढ़ावा मिलेगा।
सामाजिक प्रभाव: नोएडा में एक्वा लाइन के इस विस्तार से सार्वजनिक परिवहन तक अधिक लोग पहुंच सकेंगे। इससे विभिन्न सामाजिक-आर्थिक वर्गों को लाभ मिलेगा और परिवहन संबंधी असमानताएं कम होंगी जिससे आवागमन समय में कमी आएगी और आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुंच से जीवन गुणवत्ता में सुधार होगा।
नोएडा मेट्रो रेल परियोजना के तहत यह विस्तार शहर के लिए परिवर्तनकारी विकास साबित होगा। यह बेहतर परिवहन संपर्क, ट्रैफिक जाम में कमी, पर्यावरणीय लाभ, आर्थिक विकास और बेहतर जीवन गुणवत्ता प्रदान करने के प्रति आश्वस्त कराता है। प्रमुख शहरी चुनौतियों के समाधान और भविष्य के विस्तार का आधार स्थापित कर यह शहर के विकास पथ और संवहनीयता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।