उदयपुर के क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान में पुस्तक समीक्षा प्रतियोगिता का आयोजन

 | 
ZRTI Udaipur

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर स्थित क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान मे नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), उदयपुर के तत्वावधान 20 अगस्त को पुस्तक समीक्षा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षणार्थियों में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संस्थान परिसर में पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रतियोगिता में नराकास के सदस्य विभिन्न केंद्रीय सरकारी विभागों से आए 8 प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं की पुस्तकों की समीक्षा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नराकास के सदस्य सचिव गिरिराज पालीवाल रहे तथा अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य जय प्रकाश ने की। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं लगभग 700 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में काशी का अस्सी, गबन, रामराज्य, चित्रलेखा, गुनाहों का देवता सहित आठ पुस्तकों की समीक्षा की गई। प्रतियोगिता की विशेष अतिथि एवं निर्णायक वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. चंद्रकांता बंसल तथा किरण बाला किरनथीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों पर प्रकाश डालते हुए पठन के साथ आत्म-विवेचना तथा साहित्य की व्यक्ति और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य जय प्रकाश ने हेक्टर गार्सिया एवं फ्रांसेस्क मिरालेस की प्रसिद्ध पुस्तक इकिगाईकी संक्षिप्त समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इकिगाईजापानी जीवन-दर्शन है, जिसका अर्थ है जीने का उद्देश्य। उन्होंने पुस्तक के संदेश को रेखांकित करते हुए कहा कि अपने उद्देश्य को पहचानना, छोटी खुशियों को अपनाना और जीवन को सार्थक बनाना ही संतुष्ट जीवन की दिशा है।

प्रतियोगिता में संदीप दास, भारतीय मानव विज्ञान सर्वेक्षण एवं कृष्ण नारायण माथुर, बैंक ऑफ बड़ौदा संयुक्त रूप से प्रथम, कृष्णा भाटी, भारतीय मानव विज्ञान सर्वेक्षण द्वितीय तथा योगेंद्र कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, उदयपुर तृतीय स्थान पर रहे। सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुस्तकें स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की गईं।

कार्यक्रम का समापन मुकेश कुमार जांगिड़, सहायक परिवहन प्रबंधक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह आयोजन प्रशिक्षणार्थियों में पठन, चिंतन और आत्म-विवेचना की संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News