राजस्थान मे अवैध मदिरा पर कार्रवाई और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश
Udaipur Times, Rajasthan News: आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने अधिकारियों को अवैध मदिरा की तस्करी, निर्माण, परिवहन और बिक्री पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि दीपावली और पंचायत चुनावों के मद्देनजर विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत दूसरे राज्यों की शराब, हथकड़ शराब और नकली मदिरा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। नेशनल हाईवे पर अवैध शराब के विज्ञापन, साइनबोर्ड और होर्डिंग्स हटाने के साथ दोषियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाएं।
मेहता ने बताया कि अक्टूबर में प्रदेश की राजस्व वृद्धि 24.30 प्रतिशत रही। जोधपुर जोन 29.93 प्रतिशत वृद्धि के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि उदयपुर जोन चौथे स्थान पर रहा। उन्होंने राजस्व वृद्धि में पीछे चल रहे जिलों को नवंबर में प्रदर्शन सुधारने और बकाया वसूली के लिए सर्कलवार लक्ष्य तय कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में संपत्ति और वाहनों की नीलामी के जरिए बकाया वसूली के एक्शन प्लान मुख्यालय भेजने को कहा गया। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप सिंह सांगावत ने जिलेवार लक्ष्य और प्रगति की समीक्षा प्रस्तुत की। आयुक्त ने अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।