Udaipur Times, Rajasthan News: राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयां देने के साथ ही रोजगार सृजन एवं राजस्व अर्जन का प्रमुख केन्द्र बन रहा है। इस क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल आधारित अधिकाधिक औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाए तथा पेट्रोकेमिकल उत्पादों का निर्माण एवं उनका उपयोग प्रदेश में ही सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार के प्रयासों से औद्योगिक गतिविधियों को अभूतपूर्व गति मिल रही है। पेट्रोकेमिकल जोन के सुनियोजित विकास से प्रदेश में निवेश के और नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री शनिवार को राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन के विकास, औद्योगिक निवेश एवं उपलब्ध संभावनाओं के संबंध में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जोन के विकास से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए इसे निवेशकों के लिए आकर्षक औद्योगिक गंतव्य के रूप में विकसित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक भूखंडों का आवंटन केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहे, बल्कि आवंटित भूखंडों पर निर्धारित समयावधि में वास्तविक औद्योगिक गतिविधियां प्रारंभ होना भी सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन में औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया आगामी तीन माह में अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। आवंटन प्राप्त करने के छह माह के भीतर औद्योगिक इकाई की स्थापना एवं संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शेष उपलब्ध भूखंडों का आवंटन शीघ्र नीलामी के माध्यम से करने तथा पूर्व में भूखंड आवंटित होने के बावजूद औद्योगिक गतिविधियां प्रारंभ नहीं करने वाले आवंटियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक भूमि का उपयोग वास्तविक उत्पादन गतिविधियों के लिए हो तथा निवेश के नाम पर भूखंडों का अनावश्यक रूप से उपयोग लंबित नहीं रखा जाए।
स्थानीय स्तर पर उत्पादन हो सुनिश्चित
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोकेमिकल जोन का विकास इस दृष्टि से किया जाए कि रिफाइनरी से प्राप्त होने वाले उत्पादों का उपयोग प्रदेश में ही विभिन्न औद्योगिक इकाइयों द्वारा किया जा सके। इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ ही उद्योगों की लागत एवं आपूर्ति व्यवस्था को भी बेहतर बनाने की संभावनाएं विकसित होंगी। उन्होंने सीमेंट, पाइप सहित विभिन्न उत्पादों के निर्माण में पेट्रोकेमिकल उत्पादों के उपयोग की संभावनाओं का आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रदेश में इन उत्पादों की वर्तमान मांग, उपभोग एवं भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं का विस्तृत अध्ययन करवाने पर जोर दिया।
उन्होंने इस क्षेत्र में पहले से कार्यरत उद्यमियों एवं संबंधित औद्योगिक इकाइयों के संचालकों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इन बैठकों में उद्यमियों की आवश्यकताओं, मांगों एवं सुझावों पर विचार कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए, ताकि स्थानीय उद्योगों को जोन से जोड़कर मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित किया जा सके।
निवेशकों की बैठक आयोजित कर आकर्षित करें निवेश
मुख्यमंत्री ने बालोतरा में निवेशकों की बैठक आयोजित कर राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन में अधिकाधिक निवेश आकर्षित करने तथा स्थानीय स्तर पर औद्योगिक उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेशकों को रिफाइनरी से उपलब्ध होने वाले बाय-प्रोडक्ट्स का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए रिफाइनरी अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने वाले निवेशकों को रिफाइनरी के बाय-प्रोडक्ट्स रियायती दरों पर उपलब्ध करवाने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निवेश प्रोत्साहन योजनाओं का हों प्रभावी क्रियान्वयन
मुख्यमंत्री ने निवेशकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के लिए समय-समय पर निवेश सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना एवं प्लग एंड प्ले सहित अन्य निवेश संवर्धन योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ अधिकाधिक निवेशकों एवं उद्यमियों तक पहुंचे तथा औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में आने वाली कठिनाइयों का समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन का विकास प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना, स्थानीय स्तर पर उत्पादन, निवेश विस्तार और रोजगार के नए अवसरों के सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करें।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा सहित निवेश संवर्धन ब्यूरो, राजस्थान औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम, उद्योग विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।