Udaipur Times, Udaipur News: देश की एकता और अखंडता के शिल्पकार, लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई। इस अवसर पर झीलों की नगरी उदयपुर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश लेकर सैकड़ों युवा दौड़े। फतहसागर की सुरम्य पाल पर आयोजित रन फॉर यूनिटी मैराथन में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रतिभागियों ने सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प दोहराया। इधर, कलेक्ट्रेट परिसर में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता को अक्षुण्य बनाए रखने की शपथ दिलाई।
राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन और क्षेत्रीय खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र के तत्वावधान में आयोजित मैराथन को नगर निगम महापौर पारस सिंघवी, निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना सहित अन्य अतिथियों ने फतहसागर की पाल पर मोती मगरी गेट के समीप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही सैकड़ों युवा राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर दौड़ पड़े। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत इस आयोजन ने राष्ट्रीय एकजुटता का सशक्त संदेश दिया।
मैराथन फतहसागर की मुख्य पाल से होते हुए टाया पैलेस पहुंचकर सम्पन्न हुई। यहां आयोजित समापन कार्यक्रम में अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उपस्थित युवाओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए समर्पित भाव से योगदान देने का संकल्प लिया।
सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान
इस अवसर पर अतिथियों ने देश के एकीकरण में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व ने स्वतंत्रता के बाद देश को एकता के सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने और एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की अखंडता और एकजुटता के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराने का अवसर है। मैराथन के माध्यम से युवाओं को सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक गौड़ सहित कई अधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षु आरएएस अधिकारी, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट गाइड स्वयंसेवक, स्कूली विद्यार्थी आदि उपस्थित रहे।
कलक्ट्रेट में गूंजा राष्ट्रीय एकता का संकल्प
लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। जिला कलक्टर श्री अग्रवाल के साथ अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा सहित उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर जिला कलक्टर सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम के माध्यम से देश के एकीकरण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया गया।