राजस्थान के 14 खिलाड़ी एशिया पैसिफिक Lacrosse ओलंपिक क्वालीफायर भारतीय टीम मे शामिल

 | 
Lacrosse

 

Udaipur Times, Sports News, Lacrosse: ऑस्ट्रेलिया के सनशाइन कोस्ट, ब्रिसबेन में 5 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली एशिया पैसिफिक लैक्रोस ओलंपिक क्वालीफायर प्रतियोगिता के लिए भारतीय लैक्रोस टीम मे राजस्थान के 14 खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई है। भारतीय टीम में राजस्थान, विशेषकर उदयपुर के जनजातीय क्षेत्र से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का चयन हुआ है। यह उपलब्धि प्रदेश के उभरते लैक्रोस खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

भारतीय महिला टीम में सुनीता मीणा, यशिष्ठा बत्रा, डाली गमेती, जुला कुमारी गुर्जर, मीरा दौजा, यशोदा गमेती, रोशनी बोस और जानवी राठौड़ को जगह मिली है। वहीं पुरुष वर्ग में मोहनलाल गमेती, निशान्त नागदा, खुमाराम गमेती और नारायण लाल गमेती भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके अलावा दयाशंकर गमेती और विशाखा मेघवाल को स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में चयनित किया गया है।

आगरा में होगा हाई परफॉर्मेंस कैंप

प्रतियोगिता में भारतीय टीम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 26 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लेक्रोज एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आगरा में हाई परफॉर्मेंस कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारियां और आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी प्रशिक्षक नताशा रूनी के साथ भारत के अनुभवी प्रशिक्षक भी खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे।

राजस्थान के खिलाड़ियों का बड़ी संख्या में भारतीय टीम में चयन प्रदेश में लैक्रोस खेल के बढ़ते प्रभाव और जनजातीय क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं की निरंतर उभरती पहचान को दर्शाता है। सीमित संसाधनों के बावजूद इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से पहचान बनाई है।

जिले के जनजातीय क्षेत्र से खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन की खबर से खेलप्रेमियों और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय जनजाति विकास विभाग की आयुक्त एवं लैक्रोस प्रवर्तक प्रज्ञा केवलरमानी, उपायुक्त केपी सिंह, मनमोहन सिंह, अमृता दाधीच, गिरिराज कथेरिया, ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर वित्त पोषक राजस्थान माइन्स एंड मिनिरल्स लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. पी. रमेश, कीर्ति राठौड़, बी.एस. पत्राबत, भावना शर्मा सहित अधिकारियों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं राजस्थान लैक्रोस संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी, सीईओ शहजाद खान एवं संघ के पदाधिकारियों, जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल तथा अन्य खेलप्रेमियों ने भारतीय टीम में चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए ऑस्ट्रेलिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News