पुरस्कार वितरण समारोह के साथ 29वीं राज्य दृष्टिबाधित खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न
प्रतियोगियों की आवास एवं भोजन की व्यवस्था स्थानीय विद्यालय में भामाशाहों के सहयोग से की गई।
प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त ब्रेल व नवीन तकनीकी विषय पर चर्चा हेतु सम्मेलन आयोजित किया गया।
उदयपुर। राजकीय प्रज्ञा चक्षु उच्च माध्यमिक अन्ध विद्यालय, उदयपुर एवं राजस्थान दृष्टिहीन क्रीड़ा परिषद, अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 29वीं राज्य स्तरीय दृष्टिबाधित खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हुआ। कार्यक्रम का समापन राजकीय प्रज्ञा चक्षु उच्च माध्यमिक अन्ध विद्यालय, अंबामाता, उदयपुर में किया गया। खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन कचेली तेली समाज का नोहरा, मल्लातलाई में किया गया।
कार्यक्रम में रस्सा- कस्सी, साधारण दौड़, तीन टाँग की दौड़, एक टाँग की दौड़, कबड्डी, शतरंज प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गणपत लाल तलेसरा, अध्यक्ष डॉ. आभा शर्मा, विशिष्ट अतिथि लॉयन्स परिसंघ अध्यक्ष चांदमल कच्छावा ओर कर्नल प्रदीप कपूर मौजूद रहे। उक्त प्रतियोगिताओं में राजस्थान के समस्त जिलों से सीनियर ए व सीनियर बी वर्ग के प्रतियोगियों ने भाग लिया।
समस्त प्रतियोगियों की आवास एवं भोजन की व्यवस्था स्थानीय विद्यालय में भामाशाहों के सहयोग से की गई। प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त ब्रेल व नवीन तकनीकी विषय पर चर्चा हेतु सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजन में सहयोग करने वाले भामाशाहों व कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
यह रहे परिणाम
साधारण दौड़ में जोधपुर के संदीप कुमार, एक टांग दौड़ में सिरोही के अरविंद, गोला फेंक में उदयपुर के मुकेश मीणा, रस्सा - कस्सी में आरिफ मोहम्मद एन्ड टीम, कबड्डी में अशोक कुमार एन्ड टीम, शतरंज में अजमेर के मनोहर लाल तंवर प्रथम रहे।
इसी तरह सीनियर ग्रुप बी की साधारण दौड़ में जोधपुर के दिनेश लेखराज, एक टांग दौड़ में डूंगरपुर के सोहनलाल प्रथम रहे। साधारण दौड़ जूनियर में उदयपुर के नानूराम और गोला फेंक में जोधपुर के संदीप कुमार प्रथम रहे।
इसके साथ ही समापन समारोह में इन सभी प्रतियोगिता में द्वितीय और तृतीय रहे विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजन में सहयोग करने वाले भामाशाहों व कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
