ग्रामीण ओलम्पिक खेलों की मशाल रथ यात्रा पहुंची उदयपुर

कलक्टर ने किया स्वागत, 1 अगस्त तक करेगी जिले का भ्रमण

 | 
rural olympic

उदयपुर, 28 जुलाई 2022। माननीय मुख्यमंत्री की बजट घोषणा की अनुपालना में आगामी 29 अगस्त से आयोजित होने वाले ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के प्रचार-प्रसार के लिए निकाली गई मशाल रथ यात्रा गुरुवार को उदयपुर पहुंची। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने यात्रा का स्वागत किया और ग्रामीण ओलंपिक खेलों के सफल आयोजन की कामना की।  

जिला खेल अधिकारी शकील हुसैन ने बताया कि मशाल रथ यात्रा गुरुवार शाम आर.के सर्कल से महाराणा भूपाल स्टेडियम पहुुंची। आरके सर्किल से महाराणा भूपाल स्टेडियम तक रोलर स्केटिंग के खिलाड़ियों द्वारा लाया गया। यहां मुख्य अतिथि जिला कलक्टर ताराचंद मीणा साहब ने अंतरराष्ट्रीय धाविका महेंद्र सिंह शेखावत, अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज राष्ट्रपति पदक विजेता रोलर स्केटर लब्धि सुराणा व हमीदा बानो से मशाल ग्रहण की। कलक्टर ने यात्रा के साथ आए सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया और कहा कि ग्रामीण ओलंपिक खेलों का आयोजन राजस्थान सरकार का एक अनोखा ऐतिहासिक आयोजन है और इसे पूरे भव्य व उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ी समस्त प्रशिक्षक, जनप्रतिनिधियों, खेलों से जुड़े संघ के अध्यक्ष सचिव गणमान्य नागरिकों, खिलाड़ियों के साथ जिला कलक्टर मीणा ने रथ यात्रा पर राजीव गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। जिला खेल अधिकारी शकील हुसैन व ललित सिंह झाला ने ग्रामीण ओलंपिक खेलों के आयोजन के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 1 अगस्त तक उदयपुर के विभिन्न ब्लॉक्स में यह मशाल रथ ग्रामीण ओलम्पिक खेल आयोजन संबंधी व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी। मशाल रथ यात्रा 29 जुलाई को बड़गांव, गोगुन्दा व कोटड़ा, 30 को मावली, वल्लभनगर व भीण्डर, 31 को स्थानीय भ्रमण फतहसागर एवं 1 अगस्त को गिर्वा, ऋषभदेव, खेरवाडा से डूंगरपुर जिले में प्रस्थान करेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News