उदयपुर को मिलेगी अगली राजस्थान सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी

आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत की घोषणा

 | 
vaibhav gehlot

उदयपुर 8 मार्च 2022। विश्व महिला दिवस पर आरसीए के अध्यक्ष वैभव गहलोत ने जिला कलक्टर ताराचंद मीणा की मांग पर उदयपुर को राजस्थान सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी देने की घोषणा की। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी प्रतिभाओं को तराशते हुए उन्हें उपयुक्त मंच प्रदान करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे है। आज प्रदेश की महिलाओं ने विभिन्न खेलों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है और उसमें उदयपुर का नाम भी शामिल है यह गौरव की बात है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि उदयपुर की बेटी सोनल कलाल का भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ है।

प्रारंभ में जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया और उदयपुर में खेलों के विकास व विस्तार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन का दूरगामी लक्ष्य है, हम जिले में 50 नए स्टेडियम तैयार कर रहे हैं और जल्द ही आरसीए के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम भी तैयार हो जाएगा। इससे यहां की प्रतिभाओं को कौशल विकास का मंच मिल सकेगा।  
आरसीए सचिव महेन्द्र शर्मा ने जिले में हो रही खेल गतिविधियों की जानकारी दी और कहा कि अब अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम बनने से स्तरीय खेल मैदान की कमी भी पूरी हो जाएगी।

इस मौके पर गिर्वा प्रधान सज्जन कटारा, यूडीएच सलाहकार जी.एस.संधु, संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट, आईजी हिंगलाज दान चारण, जिला कलक्टर ताराचंद मीणा, एसपी मनोज कुमार, आरसीए सचिव महेंद्र शर्मा, जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज चौधरी, हिंदुस्तान जिंक के एचआर हेड अजय कुमार आदि मंचासीन थे। इस दौरान जिला खेल अधिकारी शकील हुुसैन व हिंदुस्तान जिंक के एचआर हेड अजय कुमार ने चार दिवसीय आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। महिला पुलिस अधिकारी चेतना भाटी व बेटी बचाओ अभियान की ब्रांड एंबसेडर डॉ. दिव्यानी कटारा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र सेन ने किया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News