शारीरिक क्षमता के साथ साहस और धैर्य की हो रही कड़ी परीक्षा
उदयपुर 29 जनवरी 2026। ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित प्रथम ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स एंड मीट के अंतर्गत बुधवार को खेल गांव में अनेक रोमांचक एवं चुनौतीपूर्ण मुकाबले देखने को मिले। टफेस्ट फायर फाइटर बनने की होड़ में देशभर से आए अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे दमखम के साथ दांव-पेच आजमाए। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ साहस, धैर्य एवं अनुशासन की भी कड़ी परीक्षा हो रही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को भारी अग्निशमन उपकरणों के साथ सीढ़ी दौड़, होज़ हैंडलिंग, अवरोध पार करना, वजन उठाने जैसी अत्यंत कठिन गतिविधियों से गुजरना पड़ा। सभी फायर फाइटर्स ने उत्कृष्ट फिटनेस, टीम वर्क एवं समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन आपदा प्रबंधन के दौरान त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
प्रतियोगिताओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के अंत में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। यह प्रतियोगिताएं 31 जनवरी तक जारी रहेंगी। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन में देश के 28 राज्यों एवं 8 केंद्र शासित प्रदेशों से अग्निशमन सेवाओं से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक भाग ले रहे हैं।
परिणाम इस प्रकार रहे
एथलेटिक्स-पुरुष वर्ग 18 वर्ष आयु वर्ग की 5000 मीटर दौड़ में आर्मी ऑर्डनेंस कोर के अशोक प्रथम रहे। हाई जंप में कर्नाटक के गोपाल गौड़ा ने स्वर्ण पदक जीता। शॉटपुट में मुंबई के रोहित भरत चव्हाण विजेता रहे। 30+ आयु वर्ग की 5000 मीटर दौड़ में अनिल जिंदल, लॉन्ग जंप में तमिलनाडु के कार्तिकेयन, हाई जंप में तमिलनाडु के इमैनुएल एलन तथा शॉटपुट में कर्नाटक के गणेश टी.एम. ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
महिला वर्ग में 18 वर्ष आयु वर्ग की लॉन्ग जंप में मुंबई की उन्नति अजय चिलकेव, शॉटपुट एवं जैवलिन थ्रो में मुंबई की पूजा बिभीषण आंडी तथा 30+ आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में राजस्थान की देविका ने स्वर्ण पदक जीता।
पुरुष 50+ आयु वर्ग में 5000 मीटर दौड़ में दिल्ली के कृष्ण कुमार, लॉन्ग जंप एवं जैवलिन थ्रो में अंडमान-निकोबार के के. पम्मु, हाई जंप में केरल के प्रभाकरन के.वी. तथा शॉटपुट में उत्तर प्रदेश के संजय कुमार सिंह विजेता रहे।
रेसलिंग: 68 किग्रा वर्ग में आर्मी ऑर्डनेंस कोर के मंदीप, 79 किग्रा में हरियाणा के प्रशांत, 91 किग्रा में उत्तराखंड के महेंद्र सिंह एवं 102 किग्रा वर्ग में आर्मी ऑर्डनेंस कोर के मनीष ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
#UdaipurNews #RajasthanNews #FireServiceIndia #ToughestFirefighter #FirefighterFitness #DisasterManagement #FireSportsMeet #UdaipurEvents #RajasthanSports #NationalSportsMeet
