17 वर्षीय दक्षिता बनी राजस्थान शतरंज चैंपियन

उदयपुर की दक्षिता कुमावत ने रचा शतरंज इतिहास

 | 
Dakhsita Kumawat

उदयपुर 5 सितंबर 2025।  उदयपुर की 17 वर्षीय दक्षिता कुमावत ने राजस्थान सीनियर स्टेट शतरंज चैंपियनशिप 2025 का खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया। यह प्रतियोगिता 31 अगस्त से 2 सितम्बर तक बीकानेर में आयोजित हुई, जिसमें 303 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 

दक्षिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। दक्षिता इस खिताब को जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी और राजस्थान के इतिहास में यह उपलब्धि पाने वाली केवल दूसरी महिला बनीं।साथ ही उदयपुर के प्रणय चौर्डिया ने प्रतियोगिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

चैंपियनशिप में 6वीं वरीयता प्राप्त दक्षिता ने 8 कठिन राउंड्स में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया और 7 अंक (6 जीत, 2 ड्रॉ) हासिल किए। उनका अपराजित सफर और लगातार दबदबा अनुभवी खिलाड़ियों के लिए चौंकाने वाला रहा और पूरे शतरंज जगत से सराहना प्राप्त हुई।

इस जीत को और खास बनाता है कि दक्षिता पहले से ही लगातार चार बार राजस्थान महिला सीनियर चैंपियन रह चुकी हैं और अब तक किसी भी महिला राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपराजित रही हैं। अब सीनियर ओपन चैंपियनशिप जीतकर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि उनकी क्षमता किसी भी श्रेणी से परे है और वे राजस्थान की सबसे सफल महिला शतरंज खिलाड़ी बन चुकी हैं।

दक्षिता वर्तमान में उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय फीडे रेटेड कोच आयुष जैन से प्रशिक्षण ले रही हैं और विद्या भवन पब्लिक स्कूल, उदयपुर की छात्रा हैं। उनके मार्गदर्शन और सहयोग ने इस ऐतिहासिक सफलता की राह को आसान बनाया है।

यह जीत केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि महिला खिलाड़ियों के लिए शतरंज में एक ऐतिहासिक है। सात वर्षों के लंबे अंतराल के बाद किसी महिला ने राजस्थान की सबसे प्रतिष्ठित ओपन प्रतियोगिता जीती है। केवल 17 साल की उम्र में दक्षिता ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए यह दिखा दिया है कि वे अब तक की सबसे कम उम्र की विजेता हैं। उनकी यह जीत न केवल महिलाओं के लिए, बल्कि भारत की नई पीढ़ी के उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है। आत्मविश्वास, धैर्य और असाधारण कौशल के साथ दक्षिता कुमावत कदम-दर-कदम इतिहास रच रही हैं। उनका अगला बड़ा लक्ष्य राजस्थान की पहली वूमन इंटरनेशनल मास्टर (WIM) बनना है।