उदयपुर में ज़िला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिताएं 21 एवं 22 जून को
Udaipur Times, Sports Update: 16 जून 2026। ज़िला तैराकी संघ उदयपुर के तत्वावधान में आगामी 21 एवं 22 जून 2026 को RNT तरणताल, उदयपुर में ज़िला स्तरीय जूनियर एवं सब जूनियर तैराकी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के आधार पर चयनित तैराक राजस्थान तैराकी संघ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर एवं सब जूनियर तैराकी प्रतियोगिताओं में उदयपुर ज़िले का प्रतिनिधित्व करेंगे। तैराकी संघ अध्यक्ष महादेव सिंह चौहान ने बताया की प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक तैराक अपनी प्रविष्टियां 19 जून 2026 को साँय 6:00 बजे तक RNT तरणताल पर रणवीर सिंह राणावत को जमा करवा सकते हैं।
जूनियर वर्ग (ग्रुप-I एवं ग्रुप-II)
वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. ललित रेगर ने बताया जूनियर वर्ग में ग्रुप-I के अंतर्गत जन्म वर्ष 2008 एवं 2009 के 17-18 वर्षीय तथा ग्रुप-II में जन्म वर्ष 2010 एवं 2011 के 15-16 वर्षीय बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी अधिकतम 5 इवेंट्स में प्रविष्टि दे सकेगा।
जूनियर वर्ग में फ्री स्टाइल 50, 100, 200, 400, 800 एवं 1500 मीटर, बैक स्ट्रोक 50, 100 एवं 200 मीटर, ब्रेस्ट स्ट्रोक 50, 100 एवं 200 मीटर, बटरफ्लाई स्ट्रोक 50, 100 एवं 200 मीटर, व्यक्तिगत मेडले 200 एवं 400 मीटर, फ्री स्टाइल रिले 4×100 एवं 4×200 मीटर तथा मेडले रिले 4×100 मीटर स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
सब जूनियर वर्ग (ग्रुप-III एवं ग्रुप-IV)
मुख्य निर्णायक दीपक गुप्ता ने बताया सब जूनियर वर्ग में ग्रुप-III के अंतर्गत जन्म वर्ष 2012 एवं 2013 के 13-14 वर्षीय तथा ग्रुप-IV में जन्म वर्ष 2014 एवं 2015 के 11-12 वर्षीय बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी अधिकतम 5 इवेंट्स में भाग ले सकेगा।
ग्रुप-III में फ्री स्टाइल 50, 100, 200 एवं 400 मीटर, बैक स्ट्रोक 50, 100 एवं 200 मीटर, ब्रेस्ट स्ट्रोक 50, 100 एवं 200 मीटर, बटरफ्लाई स्ट्रोक 50, 100 एवं 200 मीटर, व्यक्तिगत मेडले 200 एवं 400 मीटर, फ्री स्टाइल रिले 4×100 एवं 4×200 मीटर तथा मेडले रिले 4×100 मीटर स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
ग्रुप-IV में फ्री स्टाइल 100, 200 एवं 400 मीटर, बैक स्ट्रोक 100 मीटर, ब्रेस्ट स्ट्रोक 100 मीटर, बटरफ्लाई स्ट्रोक 100 मीटर, व्यक्तिगत मेडले 200 मीटर, फ्री स्टाइल रिले 4×50 मीटर तथा मेडले रिले 4×50 मीटर स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन सचिव किशन गायरी ने बताया की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तैराकों का चयन राजस्थान तैराकी संघ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। राज्य स्तरीय सब जूनियर तैराकी प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 03 से 05 जुलाई 2026 तथा राज्य स्तरीय जूनियर तैराकी प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 06 से 08 जुलाई 2026 तक महाराणा प्रताप खेल गांव, उदयपुर में किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी तैराकों के लिए स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के जी.एम.एस. (GMS) डेटाबेस पर पंजीकरण तथा वर्ष 2026-27 के लिए वैध एवं नवीनीकृत यू.आई.डी. (UID) होना अनिवार्य है। प्रविष्टि प्रपत्र के साथ यू.आई.डी. की छायाप्रति संलग्न करनी होगी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित होने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के दौरान स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया का परिचय पत्र एवं आधार कार्ड की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
