उदयपुर में जिला स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता 30 अगस्त से, चार चरणों में होंगे मुकाबले

 | 
School Sports

 

 

Udaipur Times, Udaipur School Sports Competition 2026: माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से वर्ष 2026-27 की 43वीं जिला स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज 30 अगस्त से होगा। प्रतियोगिताओं का आयोजन माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों में चार चरणों में किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक दीपक गौड़ ने बताया कि प्रतियोगिताओं की सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा संबंधित विद्यालयों को मेजबान संस्था के रूप में जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं का प्रथम चरण 30 अगस्त से 3 सितम्बर, द्वितीय चरण 12 से 16 सितम्बर, तृतीय चरण 24 से 28 सितम्बर तथा चतुर्थ एवं अंतिम चरण 13 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। इन प्रतियोगिताओं में जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं से पूर्व 43वीं जिला स्तरीय नेहरू हॉकी 15 वर्षीय छात्र प्रतियोगिता का आयोजन 20 एवं 21 अगस्त को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नऊवा (ब्लॉक खेमली) में किया जाएगा।

प्रथम चरण में 16 खेलों का आयोजन

प्रथम चरण में टेबल टेनिस, राइफल शूटिंग, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, भारोत्तोलन, वॉलीबॉल, कुश्ती, बॉक्सिंग, नेटबॉल, वुशु, साइक्लिंग (ट्रैक एवं रोड) तथा सॉफ्टबॉल सहित कुल 16 प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन कैलाशपुरी, डबोक, कन्थारिया, लदानी, रानी रोड, सेक्टर-14, रामा, अमरपुरा खालसा, तारावट, खेरोदा, आयड़, बलीचा, सेक्टर-3, सेक्टर-5, प्रतापनगर तथा पानेरियों की मादड़ी स्थित विद्यालयों में होगा।

दूसरे चरण में कबड्डी, हॉकी और फुटबॉल पर रहेगा फोकस

12 से 16 सितम्बर तक आयोजित होने वाले दूसरे चरण में जूडो, कबड्डी, सेपक टकरा, योगासन, हॉकी, फुटबॉल, शतरंज, जिम्नास्टिक्स, तैराकी तथा खो-खो प्रतियोगिताएं होंगी। छात्रा वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता 11 से 15 सितम्बर तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिताओं की मेजबानी अम्बामाता, गोराणा, गुड़ली, फलासिया, बेड़वास, फतहपुरा, बी.एन. पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-3, पुलिस लाइन, सज्जन नगर, चितौड़ा एवं बड़गांव स्थित विद्यालय करेंगे।

तीसरे चरण में क्रिकेट, बैडमिंटन और कराटे सहित नौ खेल

24 से 28 सितम्बर तक होने वाले तीसरे चरण में ताइक्वांडो, लॉन टेनिस, तीरंदाजी, क्रिकेट, रग्बी फुटबॉल, रोलर स्केटिंग, बैडमिंटन, कराटे एवं मल्लखम्ब प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनके लिए डबोक, सापेटिया, ऋषभदेव, तितरड़ी, नवानिया, चित्रकूट नगर, सेक्टर-14, कानपुर (गिर्वा) तथा बड़ी स्थित विद्यालयों को आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है।

चतुर्थ चरण में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं

चौथे एवं अंतिम चरण में केवल एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। छात्रा वर्ग की प्रतियोगिताएं 12 से 14 अक्टूबर तथा छात्र वर्ग की प्रतियोगिताएं 15 से 17 अक्टूबर तक राजकीय बाल उच्च माध्यमिक विद्यालय रेजिडेंसी, चेतक सर्कल, उदयपुर में आयोजित की जाएंगी।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News