उदयपुर प्रीमियर लीग में रोमांच की हैट्रिक

 | 
UPL

 

Udaipur Times, Sports News: उदयपुर प्रीमियर लीग (UPL) सीजन-3 में क्रिकेट का रोमांच चरम पर है। टूर्नामेंट के तहत खेले गए तीन मुकाबलों में गणगौर वारियर्स, पैलेस नाइट्स और प्रताप वारियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

गणगौर वारियर्स ने 2 विकेट से दर्ज की रोमांचक जीत

पहले मुकाबले में लेक टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 149 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गणगौर वारियर्स की टीम ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाकर 2 विकेट से जीत हासिल की। गणगौर वारियर्स के राजेश सोलंकी ने 20 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 22 रन बनाए। गेंदबाजी में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट झटके। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पैलेस नाइट्स ने 1 रन से जीता मुकाबला

दूसरे मैच में पैलेस नाइट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 146 रन बनाए और पूरी टीम आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेवाड़ लेजेंड्स की टीम ने आखिरी तक मुकाबला बनाए रखा, लेकिन निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 145 रन ही बना सकी। इस तरह पैलेस नाइट्स ने रोमांचक मुकाबले में महज 1 रन से जीत दर्ज की। पैलेस नाइट्स के उदित धाबाई ने 42 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 57 रन की शानदार पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

प्रताप वारियर्स की गेंदबाजी के आगे अरावली एवेंजर्स पस्त

तीसरे मुकाबले में अरावली एवेंजर्स की टीम प्रताप वारियर्स की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। अरावली एवेंजर्स ने 15 ओवर में सभी विकेट खोकर 75 रन बनाए। जवाब में प्रताप वारियर्स ने 11.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 76 रन बनाते हुए 6 विकेट से जीत हासिल की। प्रताप वारियर्स के शिवेंद्र सिंह ने 33 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 32 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने गेंदबाजी में 4 ओवर में मात्र 6 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शिवेंद्र सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

आयोजन सचिव अनिरुद्ध सांखला ने बताया कि उदयपुर प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन में मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा लगातार देखने को मिल रही है। टूर्नामेंट के मैच दर्शकों के लिए रोमांच और मनोरंजन का आकर्षक केंद्र बने हुए हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News