एशियाई Lacrosse गेम्स में भारत की महिला टीम ने पाकिस्तान को रौंदा

पुरुष टीम भी विजयी
 | 

उदयपुर 4 फरवरी 2026। रियाद, सऊदी अरब में आयोजित एशियाई Lacrosse गेम्स 2025-26 में भारतीय महिला एवं पुरुष Lacrosse टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। दोनों टीमों की जीत से भारतीय खेल प्रेमियों में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई है।

महिला वर्ग के राउंड-रॉबिन लीग मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने शुरू से ही आक्रामक तेवर अपनाते हुए पाकिस्तान को 20-9 गोल के बड़े अंतर से पराजित किया। मैच के हर क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला और पाकिस्तानी टीम भारतीय गति व रणनीति के आगे टिक नहीं पाई। भारत की इस ऐतिहासिक जीत में जुला कुमारी गुर्जर और जाह्नवी राठौड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7दृ7 गोल दागे और मैच की सबसे सफल स्कोरर रहीं। वहीं सुनीता मीणा ने 2 गोल कर टीम की बढ़त को और मजबूत किया।

इसके अतिरिक्त यशोदा गमेती, डाली गमेती, मीरा दौजा और रोशनी बोस ने 1-1 गोल कर टीम की सामूहिक ताकत का परिचय दिया। भारतीय टीम की जीत में रक्षण पंक्ति का भी अहम योगदान रहा। गोलकीपर यशिष्ठा बत्रा, डिफेंडर खुश्बू एवं मुकन गुर्जर ने शानदार तालमेल दिखाते हुए पाकिस्तान के कई हमलों को नाकाम किया।

पुरुष वर्ग में भारत ने इराक की मजबूत कद-काठी वाली टीम के खिलाफ संघर्षपूर्ण मुकाबले में 7-5 गोल से जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। पूरे मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों की सूझबूझ और फिटनेस ने निर्णायक भूमिका निभाई। पुरुष टीम की जीत में मोहनलाल गमेती ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 5 गोल किए, जबकि खुमाराम गमेती ने 2 गोल कर जीत सुनिश्चित की।

मैच से पूर्व भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव विपुल बावा ने मैदान पर पहुंचकर भारतीय टीम का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने भारतीय टीम के प्रबंधक इमरान लारी, शहजाद खान, सौरभ वेताल, तकनीकी अधिकारी शकील खान, राजपाल, प्रशिक्षक  नीरज बत्रा सहित पूरी टीम से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। 

उनके प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का मनोबल और अधिक बढ़ा। भारतीय टीम के इस शानदार प्रदर्शन से एशियाई स्तर पर भारत की Lacrosse में बढ़ती ताकत का स्पष्ट संकेत मिला है और आने वाले मुकाबलों में टीम से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। भारत की जीत पर Lacrosse फेडरेशन ऑफ इंडिया के सीईओ तौसीफ लारी, पदाधिकारियों, राज्य संघों, राजस्थान Lacrosse संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी तथा Lacrosse प्रवर्तक उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए शुभकामनाएं दी।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal