जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का उदयपुर में होगा अनावरण
उदयपुर 12 नवंबर 2025। राजस्थान प्रदेश और उदयपुर शहर के हॉकी प्रेमियों के लिए गर्व और उत्साह का क्षण तब होगा जब FIH जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का आगमन 13 नवंबर 2025 को प्रातः 09:00 बजे महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, उदयपुर पर होगा। एयरपोर्ट पर ट्रॉफी का स्वागत हॉकी राजस्थान एवं हॉकी उदयपुर के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों द्वारा गरिमामय वातावरण में किया जाएगा।
हॉकी उदयपुर के सचिव तथा वर्ल्ड कप ट्रॉफी टूर के मुख्य संयोजक डॉ. कुलदीप सिंह झाला ने जानकारी दी की एयरपोर्ट स्वागत के पश्चात ट्रॉफी का पहला अनावरण एवं अवलोकन समारोह प्रातः 10:15 बजे सिटी पैलेस परिसर, उदयपुर में आयोजित होगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ अथवा निवृत्ति कुमारी मेवाड़, ओलंपियन एवं अर्जुन अवॉर्डी अशोक कुमार ध्यानचंद, हॉकी राजस्थान के अध्यक्ष अरुण कुमार सारस्वत, महासचिव मित्रानंद पूनिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं फर्स्ट इंडिया न्यूज के डायरेक्टर डॉ. महिपाल सिंह निम्बाड़ा तथा हॉकी उदयपुर के अध्यक्ष प्रो. दरियाव सिंह चूंडावत की विशेष उपस्थिति रहेगी।
ट्रॉफी का औपचारिक अनावरण एवं अवलोकन कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे सिटी पैलेस परिसर में संपन्न होगा, जहां स्थानीय खेल प्रतिभाओं एवं विद्यार्थियों को हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का दर्शन कराया जाएगा।
विद्या भवन स्कूल में होगा दूसरा स्वागत समारोह
दोपहर 12:00 बजे, ट्रॉफी विद्या भवन स्कूल, उदयपुर पहुंचेगी, जहां इसका स्वागत समारोह एवं अवलोकन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम विद्या भवन सोसायटी के मुख्य संचालक एवं पूर्व संभागीय आयुक्त उदयपुर राजेन्द्र भट्ट की अध्यक्षता में तथा ओलंपियन अशोक कुमार ध्यानचंद के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा।
कार्यक्रम में हॉकी राजस्थान के पदाधिकारियों अरुण कुमार सारस्वत (अध्यक्ष), मित्रानंद पूनिया (सचिव), डॉ. महिपाल सिंह निम्बाड़ा (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), प्रो. दरियाव सिंह चूंडावत (अध्यक्ष, हॉकी उदयपुर) सहित शैलेंद्र सिंह (सीईओ, विद्या भवन सोसायटी), पुष्पा शर्मा (अध्यक्ष, विद्या भवन विद्या बंधु संस्थान), गोपाल बंब (सांस्कृतिक सचिव, विद्या भवन विद्या बंधु संस्थान) तथा रंजना शर्मा (उप प्राचार्या, विद्या भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल) की विशिष्ट उपस्थिति रहेगी।
इस अवसर पर हॉकी राजस्थान एवं हॉकी उदयपुर के अधिकारी, विद्या भवन ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के सदस्य तथा युवा हॉकी खिलाड़ी ट्रॉफी का उत्साहपूर्वक स्वागत करेंगे।
कार्यक्रम का संयोजन नाहर सिंह झाला , कुलदीप शर्मा तथा समन्वयन डॉ. दिग्विजय सिंह राणावत एवं ललित प्रजापत द्वारा किया जाएगा।
एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का उदयपुर आगमन न केवल शहर के लिए गौरव का अवसर है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को हॉकी खेल के प्रति प्रेरित करने वाला ऐतिहासिक क्षण भी बनेगा।
