Udaipur Times, Sports News: प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें मंच प्रदान करने के उद्देश्य राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद् द्वारा ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ की तर्ज पर ‘खेलो राजस्थान गेम्स 2026’ का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री की बजट घोषणा वर्ष 2024-25 की अनुपालना में आयोजित होने वाले इन खेलों का शुभारंभ 1 दिसंबर 2026 से प्रस्तावित है। इसमें प्रदेश के सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी अपना ऑनलाइन पंजीयन करवाकर भाग ले सकेंगे। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में उदयपुर जिले में खेलो राजस्थान गेम्स को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पंजीयन को लेकर खिलाड़ियों एवं आमजन में खासा उत्साह है।
तीन चरणों में होंगी 12 खेल प्रतियोगिताएं
इस महाकुंभ में कुल 12 खेलों को शामिल किया गया है, जिनका आयोजन तीन चरणों में होगा। प्रथम चरण 1 दिसंबर से 15 जनवरी 2027 तक कुल 46 दिन चलेगा। इस दौरान वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी और तीरंदाजी खेल होंगे। द्वितीय चरण 1 अप्रैल से 15 मई 2027 तक कुल 45 दिन के लिए प्रस्तावित है। इसमें कबड्डी, फुटबॉल, जूडो और शूटिंग खेल होंगे। तृतीय चरण 15 अगस्त से 30 सितंबर 2027 तक कुल 47 दिन के लिए प्रस्तावित है। इसमें खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल और सतोलिया खेल होंगे।
ग्रामीण और शहरी स्तर पर आयोजन की रूपरेखा
खेलों का आयोजन ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग स्तरों पर किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में कुल 46 दिन के आयोजन होंगे। इसमें ग्राम पंचायत स्तर पर 26 दिन, ब्लॉक स्तर पर 10 दिन, जिला स्तर पर 5 दिन और राज्य स्तर पर 5 दिन प्रतियोगिताएं होंगी। इसी प्रकार शहरी क्षेत्र में कुल 24 दिन के आयोजन होंगे। इसमें नगर पालिका, नगर परिषद एवं नगर निगम स्तर पर 14 दिन, जिला स्तर पर 5 दिन और राज्य स्तर पर 5 दिन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
जनआधार कार्ड से ऑनलाइन पंजीयन
जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल ने बताया कि खिलाड़ियों के ऑनलाइन पंजीकरण के लिए विभाग द्वारा खेलोराजस्थान डॉट राजस्थान डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल की सुविधा शुरू की है। कोई भी खिलाड़ी अपने जनआधार कार्ड का विवरण दर्ज कर पंजीयन करवा सकता है। डॉ पालीवाल ने अधिक से अधिक लोगों को रजिस्ट्रेशन कराकर खेलो राजस्थान गेम्स में सहभागिता की अपील की है।
शत प्रतिशत पंजीयन के निर्देश
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने सभी अधिकारियों को खेलो राजस्थान गेम्स के सुचारू आयोजन तथा खिलाड़ियों के शत प्रतिशत पंजीयन को लेकर निर्देश जारी किए हैं। जिला कलक्टर ने जिले में अधिकाधिक खिलाड़ियों और विद्यालयों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाने के साथ ही नगर निगम, यूडीए, शिक्षा विभाग, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड, खेल छात्रावासों और राजकीय व निजी महाविद्यालयों के माध्यम से समस्त खिलाड़ियों का पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित के निेर्दश दिए हैं।
आयोजन के लिए समितियों का गठन
खेलों के सफल संचालन के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच, ब्लॉक स्तर पर उपखण्ड अधिकारी तथा नगर निकाय स्तर पर जिला कलक्टर या उपखण्ड अधिकारी को संयोजक बनाया गया है। ये समितियां खेल मैदानों के चिन्हिकरण, रेफरी व उपकरणों की व्यवस्था करने के साथ-साथ सांस्कृतिक संध्या और राजकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित करेंगी।