Udaipur Times, Sports News: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उदयपुर मे राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई गई। इस उपलक्ष्य में चल रहे राष्ट्रीय खेल उत्सव के तहत शनिवार को महाराणा प्रताप खेलगांव, उदयपुर में विविध खेल स्पर्धाओं का आयोजन हुआ। इसमें खिलाड़ियों ने उत्साह से भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में क्षेत्रीय खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र द्वारा हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। महाराणा प्रताप खेलगांव स्थित जूडो-बॉक्सिंग हॉल में मुक्केबाजी और जूडो की विभिन्न भार वर्ग प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ इसके पश्चात रस्सीकस्सी और सितौलिया जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसने खिलाडियों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
रस्सीकस्सी में प्रतिभागियों की टीम वर्क और ताकत का प्रदर्शन देखने को मिला, वहीं सितौलिया के मुकाबले में खिलाड़ियों की सटीक निशानेबाजी और फुर्ती ने माहौल में उत्साह भर दिया। प्रतियोगिताओं के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने अतिथियों का स्वागत किया और खिलाड़ियों को खेलों के महत्व, अनुशासन व बारीकियों के बारे में जानकारी दी। युवाओं में खेल और शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मेजर ध्यानचंद के खेलों में योगदान को सम्मानित करना। भारत सरकार ने साल 2012 में पहली बार 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस दिन राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ियों और कोचों को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और ध्यानचंद जीवन पर्यंत उपलब्धि पुरस्कार दिए जाते हैं। साल 2019 में इसी दिन देश में फिट इंडिया मूमेंटो की शुरुआत की गई थी, जिसका उद्देश्य दैनिक जीवन में खेल और व्यायाम को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में नरपत सिंह चुण्डावत (बाक्सिंग), बिन्दु जोशी (बास्केटबॉल), रीना पुरोहित (योगा), गगन व्यास, मनोज सनाढ्य (तैराकी), जितेन्द्र सिंह भाटी (स्केटिंग), चाहत जैन (जूडो), शालिनी नरूका (बॉक्सिंग), कनिष्का चौहान (हॉकी), उषा आचरज (बास्केटबॉल), खेमराज गमेती (लॉन टेनिस), नन्दनी गुर्जर (वॉलीबॉल), प्रवीण सिंह, अरविन्द कुमार (एथेलेटिक) और भुपेन्द्र सिंह झाला (जिम), राधेश्याम सुथार, हर्ष तलेसरा, दशरथ सिंह, गजेन्द्र सिंह सहित कई खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित थे।