उदयपुर के महाराणा प्रताप खेलगांव में राष्ट्रीय खेल सप्ताह आयोजित

 | 
National Sports Day

 

Udaipur Times, Sports News: राष्ट्रीय खेल सप्ताह 2026 के अवसर पर उदयपुर के महाराणा प्रताप खेलगांव में विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता के दौरान मैदानों में युवाओं और खिलाड़ियों का शानदार जोश देखने को मिला।

जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने बताया कि खेल सप्ताह के तहत गुरूवार को खेलगांव परिसर में बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, जूडो, बॉक्सिंग, स्केटिंग और तैराकी जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

बास्केटबॉल एवं लॉन टेनिस कोर्ट पर खिलाड़ियों की बेहतरीन तकनीक, फुर्ती और रणनीतिक तालमेल की बदौलत मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। जूडो व बॉक्सिंग रिंग और मैट पर एथलीटों ने अपने शानदार दांव-पेच और पंचिंग स्किल्स से दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। स्केटिंग रिंक पर खिलाड़ियों की रफ्तार व संतुलन और वॉटर पूल में तैराकों की सहनशक्ति का बेहतरीन नजारा देखने को मिला।

डॉ. पालीवाल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और उन्हें फिटनेस व खेलों के प्रति जागरूक करना है। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News