वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के लिए 7,000 से अधिक रजिस्ट्रेशन, हिंदुस्तान जिंक ने लॉन्च किया विशेष जिंक फिनिशर मेडल
Udaipur Times, Vedanta Zinc City Half Merathon: देश की सबसे बड़ी और दुनिया की अग्रणी एकीकृत जिंक उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने उदयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण की महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
इस अवसर पर कंपनी ने विशेष रूप से तैयार किया गया जिंक फिनिशर मेडल भी लॉन्च किया। 6 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली इस एआईएमएस प्रमाणित मैराथन के लिए अब तक 7 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं और यह क्रम अभी तक लगातार जारी है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि इस वर्ष मैराथन की विभिन्न प्रतिस्पर्धी श्रेणियों में 3.5 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके साथ ही दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को विशेष रूप से डिजाइन किया गया जिंक फिनिशर मेडल प्रदान किया जाएगा।
मैराथन के फिनिशर मेडल की पहचान हमेशा से जिंक सिटी उदयपुर और क्षेत्र की समृद्ध खनन विरासत से जुड़ी रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2026 का जिंक फिनिशर मेडल हिंदुस्तान जिंक की माइंस और स्मेल्टर्स से प्रेरित है। यह मेडल धावकों के धैर्य, समर्पण और दृढ़ता का प्रतीक होने के साथ-साथ उन्हें जिंक सिटी की एक विशेष याद भी देगा।
मैराथन में तीन श्रेणियां 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन एवं चैंपियन रन शामिल हैं। इन श्रेणियों में पेशेवर और शौकिया धावकों के साथ कॉर्पोरेट टीमें, फिटनेस समुदाय, परिवार और पहली बार भाग लेने वाले प्रतिभागी भी शामिल होंगे।
पिछले वर्ष आयोजित दूसरे संस्करण में 27 राज्यों और कई देशों से करीब 7,000 धावकों ने भाग लिया था। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के उदयपुर पहुंचने की उम्मीद है। उदयपुर की झीलें, अरावली पर्वतमाला और ऐतिहासिक धरोहर इस मैराथन को विशेष बनाती हैं। फतेहसागर झील के आसपास का आकर्षक रूट प्रतिभागियों को दौड़ के साथ-साथ उदयपुर की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक सुंदरता का अनुभव भी कराता है। यही वजह है कि वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन को देश की सबसे खूबसूरत मैराथनों में गिना जाता है।
इस अवसर पर हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि, वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन ने भारत की सबसे खूबसूरत मैराथन के रूप में अपनी पहचान बनाई है। यह आयोजन उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता को हजारों धावकों के उत्साह और ऊर्जा से जोड़ता है। फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह मैराथन खेल एवं वेलनेस टूरिज्म को प्रोत्साहित कर रही है, स्थानीय होटल और सेवा क्षेत्र को लाभ पहुंचा रही है तथा जिंक सिटी उदयपुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रही है। मैराथन इस वर्ष भी अपने सामाजिक संदेश Run for Zero Hunger को आगे बढ़ाएगी। खेलों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल लोगों को कुपोषण को रोकने हेतु सकारात्मक संदेश दे रही है।
मैराथन से पहले उदयपुर, जयपुर, उत्तराखंड तथा हिंदुस्तान जिंक की विभिन्न इकाइयों में आयोजित प्रोमो रन और सामुदायिक गतिविधियों में 3 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। इसमें कर्मचारियों, रनिंग कम्यूनिटी और फिटनेस प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी रही।
प्रतिभागियों के लिए बिब एक्सपो का आयोजन फील्ड क्लब, जिंक सिटी उदयपुर में किया जाएगा। यह 4 सितंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक तथा 5 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगा। यहां पंजीकृत प्रतिभागी अपने रेस बिब प्राप्त करेंगे और रेस से संबंधित औपचारिकताएं पूर्ण कर सकेंगे।
एनीबडी कैन रन के सहयोग से आयोजित यह मैराथन हिंदुस्तान जिंक की सक्रिय जीवनशैली, खेल संस्कृति और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने की व्यापक पहल का हिस्सा है। कंपनी जिंक फुटबॉल अकादमी और अन्य सामुदायिक खेल कार्यक्रमों के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।