Udaipur Times, Sports News: उदयपुर के सहस्त्र औदीच्य समाज की बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता औदीच्य प्रीमियर (APL) के छठे संस्करण का शुक्रवार को चित्रकूट नगर स्थित खेलगांव में भव्य आगाज हुआ।
खेलगांव का मैदान क्रिकेट के रोमांच, खिलाड़ियों के जोश और समाज की एकजुटता का गवाह बना। तीन दिवसीय इस खेल महाकुंभ में राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिता को लेकर समाजजनों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रतियोगिता का शुभारंभ गोविंद माधव की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ हुआ। समाज की अध्यक्ष इंदिरा शर्मा ने विधिवत रूप से आयोजन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वरिष्ठ लोकेश द्विवेदी, शशि रंजन जानी, गोपाल व्यास, चंद्र प्रकाश रावल, विजय याग्निक, सुधा व्यास, गिरधारी लाल दवे और कमलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजजन समारोह में शामिल हुए।
उद्घाटन के बाद अध्यक्ष इंदिरा शर्मा सहित समाज के वरिष्ठजन क्रिकेट मैदान पर पहुंचे और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद मैदान पर पहला मुकाबला टीम पराक्रम और टीम मेघदूत के बीच खेला गया। पहली गेंद के साथ ही खेलगांव में क्रिकेट का रोमांच शुरू हो गया। छक्कों-चौकों और शानदार खेल प्रदर्शन के बीच खिलाड़ियों में जीत के लिए जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।
तीन दिन तक चलेगा क्रिकेट का रोमांच, रविवार को होगा फाइनल मुकाबला
औदीच्य प्रीमियर लीग का छठा संस्करण तीन दिनों तक खेल और उत्सव के रंग में रंगा रहेगा। शनिवार को लीग के रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि रविवार को प्रतियोगिता का समापन होगा। रविवार का दिन खास रहने वाला है। इस दौरान महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं क्रिकेट प्रेमियों को लीग के बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबले का रोमांच देखने को मिलेगा।
क्रिकेट के बहाने एक मंच पर आएगा पूरा समाज
औदीच्य प्रीमियर लीग के सदस्य अभिमन्यु रावल ने बताया कि APL केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने का एक सशक्त मंच बन चुकी है। इसके माध्यम से समाज के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले समाज के लोगों को आपसी मेलजोल, एकता और भाईचारे के सूत्र में जोड़ने का अवसर भी मिलता है।
छठे संस्करण के आगाज के साथ ही औदीच्य प्रीमियर लीग ने एक बार फिर साबित किया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने का भी जरिया है। अब सभी की निगाहें रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां चैंपियन बनने के लिए टीमें अपना पूरा दमखम लगाएंगी।