Asian Lacrosse: राजस्थान के 14 खिलाड़ी भारतीय टीम में चुने गए

संभागीय आयुक्त ने किया अभिनंदन, बढ़ाया हौसला

 | 
Lacrosse players for Asian games

उदयपुर 12 सितंबर 2025। ओलम्पिक खेल Lacrosse की रियाद, सऊदी अरब में होने वाले एशियन गेम्स प्रतियोगिता के लिए राजस्थान के 9 महिला व 5 पुरुष खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में हुआ है। भारतीय महिला टीम ने पिछले Asian Lacrosse गेम्स में रजत पदक जीता था जिसमें सात खिलाड़ी उदयपुर संभाग के जनजातीय क्षेत्र की थीं ।

राजस्थान Lacrosse संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी के अनुसार रियाद, सऊदी अरब में होने वाली Asian Lacrosse गेम्स के लिए राजस्थान से महिला वर्ग में सुनीता मीणा, झूला कुमारी गुर्जर, मीरा दौजा, डाली गमेती, यशिष्ठा बत्रा, यशोदा गमेती, रोशनी बॉस, मुकुंद कुमारी गुर्जर और जानवी राठौड़ तथा पुरुष वर्ग में मोहनलाल गमेती, खुमाराम गमेती, दयाशंकर गमेती, निशांत नागदा व नारायण लाल गमेती का चयन हुआ है। 

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के स्वर्ण विजेता इन खिलाड़ियों का चयन प्रतियोगिता एवं गोरखपुर में आयोजित हुई चयन स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। जनजातीय क्षेत्र के इन खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन पर खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक नीरज बत्रा का प्रायोजक राजस्थान स्टेट माइन्स एंड मिनिरल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, कार्यकारी निदेशक कीर्ति राठौड़, वित्तीय सलाहकार सुरेश कुमार जैन, जीजीएम परियोजना अनुबंध नरेश ऐलान, जीएम डॉ सुनील सिंह दैया, प्रमुख सीएम हनुमंत सिंह, डीजीएम बी एस पत्राबत सहित अन्य अधिकारीगण एवं कार्मिकों ने कार्यालय परिसर में अभिनंदन कर शुभकामनाएं दी । 

जनजाति क्षेत्र के इन खिलाड़ियों की गौरवशाली उपलब्धि पर जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, गोगुंदा विधायक प्रताप लाल भील, वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी, उदयपुर कलेक्टर नमित मेहता, उदयपुर विकास प्राधिकरण कमिश्नर राहुल जैन, उदयपुर खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल आदि ने भी हर्ष व्यक्त कर शुभकामनाएं प्रेषित की । 

उल्लेखनीय है कि राजस्थान के जनजातीय क्षेत्र के Lacrosse खिलाड़ियों के कौशल संवर्धन हेतु संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी के निर्देशन में राजस्थान Lacrosse संघ एवं जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दो माह का सघन ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था जिसके परिणाम स्वरूप अंतरराष्ट्रीय चयन स्पर्धा में ये खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रदर्शन कर सफलता प्राप्त कर सके हैं ।

#RajasthanAthletes #IndianLacrosseTeam #AsianLacrosseGames #UdaipurSports #TribalSports #SportsExcellence #LacrosseIndia #ProudMoment #WomenInSports #MenInSports #UdaipurTimes #Lacrosse