राजीव गांधी ओलम्पिक खेल: अभ्यास मैच हुए प्रारंभ

टीम एवं कलस्टर वार अभ्यास मैचों का आयोजन किया जा रहा है
 | 
rajiv gandhi olympic

उदयपुर 26 जुलाई 2023 । मुख्यमंत्री बजट घोषणा की क्रियान्विति के तहत आगामी 5 अगस्त से प्रस्तावित राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर अभ्यास मैचों का शुभारंभ मंगलवार से हुआ। इसमें खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

जिला खेल अधिकारी सुनीता भण्डारी ने बताया कि खेल स्पर्धा को लेकर आमजन में जबरदस्त उत्साह है। शहर से लेकर गांव तक पंजीकृत खिलाड़ी नियमित मैदान में अभ्यास कर रहे हैं। शहर के गांधी ग्राउण्ड खेल गांव, बीएन कॉलेज मैदान सहित सभी जगहों पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंच रहे हैं। विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक तथा शारीरिक शिक्षकों के निर्देशन में खिलाड़ी अपने-अपने खेलों की बारीकियां समझते हुए जमकर अभ्यास कर रहे हैं। 

इस बीच मंगलवार से अभ्यास मैच प्रारंभ हुए। इसमें टीम एवं कलस्टर वार अभ्यास मैचों का आयोजन किया जा रहा है। हर आयु वर्ग के खिलाड़ी उत्साह से भाग ले रहे हैं। 

गांधी ग्राउण्ड में आयोजित अभ्यास मैच का जिला खेल अधिकारी श्रीमती भण्डारी, नोडल अधिकारी शकील हुसैन आदि ने अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि राजीव गांधी ओलम्पिक खेलों के लिए उदयपुर जिले से 3 लाख 85 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News