उदयपुर के शेखावत करेंगे भारतीय महिला U-20 टीम के प्रतिनिधि मंडल की अगुवाई
म्यांमार में आयोजित होगा एशियाई फुटबॉल चैंपियनशिप अंडर-20-महिला एशिया कप 2026 क्वालीफायर
उदयपुर 5 अगस्त 2025। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने राजस्थान फुटबॉल संघ के सचिव दिलीप सिंह शेखावत को आगामी एशियाई फुटबॉल चैंपियनशिप अंडर-20-महिला एशिया कप 2026 क्वालीफायर के लिए भारत की अंडर-20 टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिनिधिमंडल का प्रमुख नियुक्त किया है। यह टूर्नामेंट 6 से 11 अगस्त 2025 तक म्यांमार के यंगून में आयोजित होगा।
राजस्थान फुटबाल संघ के उपाध्यक्ष और उदयपुर जिला फुटबॉल संघ के सचिव शकील अहमद, जिला फुटबॉल संघ उदयपुर के अध्यक्ष अभिमन्यू सिंह झाला, उपाध्यक्ष सी.टी.प्रेमनाथ, सुनील रोजर्स, संयुक्त सचिव नरेंद्र सोनी, आबिद हुसैन, फिरोज खान, जनक सिंह ने राजस्थान फुटबाल संघ के सचिव दिलीप सिंह शेखावत को अंतर्राष्ट्रीय पटल पर मिली इस विशेष जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाने के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की है।
शकील अहमद ने बताया कि इतिहास में पहली बार राजस्थान फुटबाल संघ के किसी पदाधिकारी को एशिया कप के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख की जिम्मेदारी मिली है और इसका श्रेय राजस्थान फुटबाल संघ के द्वारा विगत कुछ वर्षों में सफलतापूर्वक अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ के कार्यक्रमों को आयोजित करने के कारण बने विश्वास और राजस्थान फुटबाल संघ के सचिव दिलीप सिंह शेखावत के कुशल प्रशासनिक कौशल के कारण संभव हो पाया है। भारतीय टीम को ग्रुप डी में रखा गया है जिसका सामना 6 अगस्त को इंडोनेशिया, 8 अगस्त को तुर्कमेनिस्तान और 10 अगस्त को मेजबान म्यांमार से होगा।
