21 से 28 अक्टूबर तक नाथद्वारा में होगा क्रिकेट का STCL Season 1

 | 
STCL

 

Udaipur Times, Sports News: सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग (STCL) का आयोजन 21 से 28 अक्टूबर तक नाथद्वारा के मिराज स्टेडियम मे होगा। आयोजन में 20+ पूर्व भारतीय क्रिकेटरों एवं क्रिकेट से जुड़े अनुभवी व्यक्तित्वों की मौजूदगी और सहभागिता प्रस्तावित है। इन अनुभवी क्रिकेटरों के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन, अनुभव और प्रोत्साहन देने का प्रयास किया जाएगा।

उदयपुर के पारस महल मे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस STCL के चेयरमैन डॉ. राजेश झा, वाइस चेयरमैन रवि चिकारा तथा पूर्व सांसद अर्जुन मीणा ने STCL Season 1,  की देशव्यापी प्रतिभा खोज अभियान और युवा क्रिकेटरों के लिए प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर STCL के लीग कमिश्नर चेतन शर्मा तथा STCL डायरेक्टर मुकेश कुमार सिंह की भूमिका और आगामी कार्यक्रमों की भी जानकारी साझा की गई।

20 शहरों में क्रिकेट ट्रायल

STCL द्वारा देशभर में 20 शहरों में क्रिकेट ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। इन ट्रायल का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों, जिलों और ग्रासरूट स्तर से प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटरों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है।

STCL का कहना है कि ऐसे अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं जिन्हें आर्थिक संसाधनों या उचित मंच के अभाव में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं मिल पाता। इसी उद्देश्य से STCL खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में अवसर देने तथा चयनित खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दे रहा है। हालिया STCL कार्यक्रम में भी संगठन ने ग्रासरूट खिलाड़ियों को अवसर और आवश्यक सहायता देने की प्रतिबद्धता दोहराई थी।

STCL के चेयरमैन डॉ. राजेश झा ने कहा कि STCL का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य उन खिलाड़ियों को आगे लाना है जो प्रतिभाशाली हैं, लेकिन उन्हें अभी तक राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि STCL ग्रासरूट क्रिकेटरों को तमाम आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आर्थिक परिस्थितियां किसी खिलाड़ी के क्रिकेट करियर में बाधा न बनें।

STCL के वाइस चेयरमैन रवि चिकारा ने कहा कि STCL का प्रयास है कि चयनित युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए आर्थिक बोझ न उठाना पड़े। उन्होंने बताया कि STCL द्वारा चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क यूनिफॉर्म, आवास, रिफ्रेशमेंट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने यह भी बताया कि खिलाड़ियों के लिए फाइव स्टार होटल में ठहरने की व्यवस्था की जाएगी तथा खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उपलब्धियों के लिए ₹25,000 से ₹50,000 तक की पुरस्कार/प्रोत्साहन राशि दिए जाने की योजना है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व सांसद अर्जुन मीणा ने STCL Season 1 के आयोजन के लिए नाथद्वारा को चुने जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा मिराज स्टेडियम एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं वाला स्टेडियम है और यहां Season 1 का आयोजन होना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। हमें खुशी है कि हमें STCL Season 1 के इस आयोजन का हिस्सा बनने का अवसर मिल रहा है।

STCL के लीग कमिश्नर चेतन शर्मा इस पूरे क्रिकेट कार्यक्रम से जुड़े प्रमुख क्रिकेटिंग चेहरों में शामिल हैं। युवाओं के लिए एक नया क्रिकेट मंच STCL का लक्ष्य देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले युवा क्रिकेटरों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और अनुभवी क्रिकेटरों से सीखने का अवसर प्राप्त कर सकें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News