उदयपुर 7 अक्टूबर 2025। सिरजन सिंह ने खेलों की दुनिया में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। उन्होंने हाल ही में आयोजित 69वीं RBSE राज्य तैराकी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन व्यक्तिगत स्वर्ण पदक और एक कांस्य पदक (रिले) अपने नाम किया।
अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों के आधार पर सिरजन को 17 वर्ष आयु वर्ग का व्यक्तिगत चैंपियन भी घोषित किया गया। सिरजन की यह शानदार सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और तैराकी के प्रति गहरे समर्पण का परिणाम है।
सेंट एंथोनी स्कूल के प्रिंसिपल विलियम डी’सूजा ने सिरजन सिंह को इस अद्भुत उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और कहा कि उनकी सफलता न केवल विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है, बल्कि उदयपुर शहर के लिए भी सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि सिरजन ने यह साबित कर दिया है कि लगन और मेहनत से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
डी’सूजा ने विश्वास व्यक्त किया कि सिरजन आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी तैराकी प्रतिभा का परचम लहराएँगे। सिरजन की इस शानदार उपलब्धि से पूरे विद्यालय में हर्ष और उत्साह का माहौल है। शिक्षकगण और सहपाठियों ने भी उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal