उदयपुर के नन्हे शतरंज सितारों ने राजस्थान चैम्पियनशिप 2026 में रचा इतिहास
Udaipur Times, Sports Update: 28 मई 2026। झालावाड़ में आयोजित राजस्थान राज्य अंडर-7 एवं अंडर-9 शतरंज चैम्पियनशिप में उदयपुर के नन्हे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिताओं में उदयपुर के खिलाड़ियों ने एक चैम्पियनशिप तथा तीन उपविजेता खिताब अपने नाम किए।
25 मई 2026 को आयोजित राजस्थान राज्य अंडर-7 शतरंज चैम्पियनशिप में बालिका वर्ग में विहाना गोखरू ने 5 राउंड में 4 अंक अर्जित कर उपविजेता ट्रॉफी हासिल की। वहीं बालक वर्ग में रमणीक सलूजा ने 6 राउंड में 5 अंक प्राप्त कर उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।
इसके बाद 27 मई 2026 को आयोजित राजस्थान राज्य अंडर-9 शतरंज चैम्पियनशिप में उदयपुर के वियांश ने शानदार और अपराजित प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबले जीतकर राज्य चैम्पियन बनने का गौरव प्राप्त किया। वियांश इससे पूर्व इसी वर्ष उदयपुर जिला अंडर-9 चैम्पियनशिप का खिताब भी जीत चुके हैं।
बालिका वर्ग में पौषिता पालीवाल ने 4 अंक अर्जित कर उपविजेता ट्रॉफी हासिल की और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
सभी खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को दिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उदयपुर जिला शतरंज संघ एवं शतरंज प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ज़िला संघ ने बताया कि विहाना गोखरू एवं रमणीक सलूजा आगामी 30 जून से 4 जुलाई 2026 तक नागपुर में आयोजित राष्ट्रीय अंडर-7 शतरंज चैम्पियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि वियांश राष्ट्रीय अंडर-9 शतरंज चैम्पियनशिप में रांची, झारखंड में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
