Udaipur Times, Sports News:जिला पावरलिफ्टिंग संघ उदयपुर के तत्वावधान में 31वीं उदयपुर जिला सीनियर, जूनियर, सब जूनियर एवं मास्टर इक्विप्ड एवं क्लासिक बेंच प्रेस प्रतियोगिता का आयोजन रविवार 20 सितंबर को लवकुश इनडोर स्टेडियम में आयोजित होगा।
जिला पावरलिफ्टिंग संघ उदयपुर के सचिव विनोद साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र एवं जन्म प्रमाण पत्र की फोटो प्रति वजन देते समय जमा करवाना अनिवार्य है।
प्रतियोगिता पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगियों का वजन रविवार 20 सितंबर को प्रातः 9.00 बजे प्रतियोगिता स्थल पर लिया जाएगा। प्रतियोगिता सुबह 10.30 बजे प्रारंभ कर दी जाएगी।
जिला पावरलिफ्टिंग संघ उदयपुर के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली ने बताया कि प्रतियोगिता के आधार पर उदयपुर जिला सीनियर, जूनियर, सब जूनियर एवं मास्टर पुरुष एवं महिला क्लासिक बेंच प्रेस टीम का चयन किया जायेगा, चयनित टीम 26 से 27 सितंबर तक फलोदी में आयोजित होने वाली राजस्थान राज्य क्लासिक बेंच प्रेस प्रतियोगिता में भाग लेगी। जबकि चयनित उदयपुर जिला इक्विप्ड टीम 24 से 25 अक्टूबर 2026 तक जयपुर में आयोजित होने वाली राजस्थान राज्य इक्विप्ड बेंच प्रेस प्रतियोगिता में भाग लेगी। राष्ट्रीय बेंच प्रेस प्रतियोगिता का आयोजन नई दिल्ली में होगा।