उदयपुर जिला अंडर-13 शतरंज चैंपियनशिप-2025 सम्पन्न

चार खिलाड़ी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में करेंगे प्रतिनिधित्व

 | 

उदयपुर 14 अगस्त 2025। उदयपुर जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में उदयपुर जिला अंडर-13 शतरंज चैंपियनशिप-2025 का सफल आयोजन सरस्वती सदन, राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय, सेक्टर-4, उदयपुर में किया गया। प्रतियोगिता का एक पुरुस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि मंगल सिंह जैन एवं विशिष्ट अतिथि बलवीर सिंह राठौड़ थे। दोनों अतिथियों ने बाल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज बच्चों में एकाग्रता, सोचने-समझने की क्षमता और निर्णय लेने की शक्ति को विकसित करता है।

मुख्य निर्णायक (चीफ आर्बिटर) की भूमिका में विकास चंदेल ने प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। इस बार लड़कों के वर्ग में 6 राउंड तथा लड़कियों के वर्ग में 5 राउंड की स्विस लीग पद्धति से मुकाबले खेले गए, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों और क्लबों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।

लड़कियों के वर्ग में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसमें पौषिता पालीवाल ने 4.5 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लोरिषा कोठारी 4 अंकों के साथ उपविजेता रहीं। वीरा कागे और विहाना कोठारी क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं। इनके अलावा हिमानी छपरवाल, जेस्वी चौबीसा, भावना कुमारी, मनन्या चौधरी, खुशी पगारिया और मोरल मेहता शीर्ष-10 में स्थान बनाने में सफल रहीं।

लड़कों के वर्ग में शीर्ष स्थान पर ऋशान जैन ने 6 में से सभी मुकाबले जीतकर 6 अंक हासिल किए और अपराजित रहते हुए चैंपियन बने। कियाना परिहार 5 अंकों के साथ उपविजेता रहे। वियान्श भटनागर, लव अग्रवाल, अगस्त्य लोढ़ा, दिव्यांश माथुर, भव्यांश शर्मा, पुरंजय चौधरी, परम वाधवानी और धनंजय शुक्ला भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष-10 में रहे।

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार, प्रत्येक वर्ग के शीर्ष दो खिलाड़ी पौषिता पालीवाल, लोरिषा कोठारी, ऋशान जैन और कियाना परिहार अब उदयपुर जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे राजस्थान राज्य अंडर-13 शतरंज चैंपियनशिप में, जिसका आयोजन आज, 14 अगस्त से उदयपुर में ही किया जा रहा है।

उदयपुर जिला शतरंज संघ ने इस आयोजन के माध्यम से न केवल जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मंच भी प्रदान किया।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal