Udaipur Times, Sports News: राजस्थान के श्रीगंगानगर में 15 से 19 अगस्त तक आयोजित CBSE क्लस्टर XIV बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026 में उदयपुर के सेंट मेरीज़ कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, न्यू फतेहपुरा उदयपुर की U-14 एवं U-19 बालिका टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किया।
इस शानदार उपलब्धि के साथ दोनों टीमों ने विद्यालय के साथ-साथ उदयपुर शहर का नाम भी गौरवान्वित किया। विशेष रूप से, U-14 टीम ने लगातार तीसरी बार, जबकि U-19 टीम ने पहली बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
U-19 की कप्तान युवाक्षी मेहता एवं U-14 की कप्तान विदुषी श्रीमाली ने टीमों का कुशल नेतृत्व किया। यशस्वी जैन (U-14) एवं ध्रुविका दमानी (U-19) को प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। दोनों विजेता टीमें सितंबर में बिहार में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी।
विद्यालय के कोच नरेन्द्र सिंह चौहान को बेस्ट कोच अवार्ड से सम्मानित किया गया। साथ ही, विद्यालय को सर्वश्रेष्ठ अनुशासित टीम का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।
विद्यालय पहुंचने पर संस्था प्रधान सिस्टर किरण जोजो ने विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, कठिन परिश्रम और टीम भावना की सराहना करते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
