अंतरराष्ट्रीय खेल पत्रकार अयाज मेमन की मौजूदगी मे उदयपुर प्रीमियर लीग का आगाज

 | 
UPL Inaugurate by Ayaz Memon

 

Udaipur Times, Udaipur Premier League, Ayaz Memon, Sports News:  उदयपुर शहर में क्रिकेट के रोमांच को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली उदयपुर प्रीमियर लीग (UPL) के तीसरे सीजन का बुधवार शाम शिकारबाड़ी मैदान पर भव्य समारोह के साथ आगाज हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय खेल पत्रकार अयाज मेमन लीग की ट्रॉफी और सभी टीमों की जर्सी का अनावरण किया। वहीं विवेकभान सिंह, शक्तिसिंह राठौड़ और मनोज चौधरी सहित कई गणमान्य अतिथियों ने भी शिरकत की।

UPL के प्रतीक परिहार ने बताया कि पहले दो सीजन की अपार सफलता और क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए इस बार प्रतियोगिता का तीसरा सीजन आयोजित किया जा रहा है। इस सीजन में कुल 11 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमों के नाम मेवाड़ के प्रसिद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों से प्रेरित होकर रखे गए हैं। इनमें अरावली एवेंजर्स, गणगौर वॉरियर्स, फतेह फाल्कन्स, चेतक स्पार्टन्स, बागोर रॉयल्स, पिछोला पैंथर्स, मेवाड़ लीजेंड्स, प्रताप वॉरियर्स, हल्दीघाटी योद्धाज, पैलेस नाइट्स और लेक टाइटंस शामिल हैं।

प्रतिदिन होंगे तीन मुकाबले, 25 अक्टूबर को खेला जाएगा फाइनल

आयोजन सचिव अनिरुद्ध सांखला ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे। लीग में सभी 11 टीमों के बीच मुकाबले आयोजित होंगे। निर्धारित प्रारूप के अनुसार, पहले चरण में प्रत्येक टीम चार मैच खेलेगी। इसके बाद शीर्ष टीम सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी, जबकि शेष 10 टीमें अपना अंतिम मुकाबला खेलेंगी। इन मुकाबलों के आधार पर तीन अन्य टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 25 अक्टूबर को खेला जाएगा।

UPL के सभी मुकाबलों का होगा सीधा प्रसारण

क्रिकेट प्रेमी उदयपुर प्रीमियर लीग के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर यूपीएल के आधिकारिक चौनल के माध्यम से देख सकेंगे। लीग के तीसरे सीजन को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। 11 टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों में रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News