Udaipur Times, Sports News: आगामी नगरीय निकाय चुनावों की घोषणा के मद्देनजर प्रभावी आचार संहिता के चलते उदयपुर जिले में आयोजित होने वाली शिक्षा विभागान्तर्गत 70वीं जिला स्कूली U-14 छात्र-छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता सत्र 2026-27 के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी संशोधित आदेश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा दुर्गेश मेनारिया ने संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिताओं के आयोजन की अवधि में बदलाव करते हुए विद्यालय, जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए नई तिथियां तय की गई हैं। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम समूह की विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएं 31 अगस्त से पूर्व सम्पन्न होगी, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 से 20 सितंबर तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित होंगी।
इसी तरह द्वितीय समूह की विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएं 31 अगस्त 2026 से पूर्व, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 21 से 25 सितंबर तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक आयोजित की जाएंगी।
तृतीय समूह की विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएं भी 31 अगस्त 2026 से पूर्व पूरी कराई जानी हैं। इस समूह की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 8 से 12 अक्टूबर तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 17 से 23 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित हैं। संशोधित तिथियों के अलावा प्रतियोगिताओं के शेष नियम एवं शर्तें पूर्ववत रहेंगी।
इसी प्रकार 37वीं राज्य स्तरीय शिक्षक क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता हेतु जिला स्तर पर प्रतियोगिता एवं दल गठन की तिथि में भी बदलाव किया गया है जारी आदेश अनुसार जिला स्तर पर प्रतियोगिता एवं दल के गठन हेतु पूर्व निर्धारित आयोजन की तिथि 8-9 सितंबर को संशोधित करते हुए 16-17 सितंबर किया गया है।