Udaipur Times, Sports News: जयपुर के रेलवे इंस्टिट्यूट सभागार में संपन्न हुई 31 वीं राजस्थान राज्य सीनियर, जूनियर, सब जूनियर एवं मास्टर इक्विप्ड बेंच प्रेस प्रतियोगिता में उदयपुर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण, एक रजत एवं दो कांस्य पदक सहित कुल 8 पदक जीते।
जिला पावरलिफ्टिंग संघ उदयपुर के सचिव विनोद साहू ने बताया कि 47 किलोग्राम सब जूनियर वर्ग में उदयपुर महिला टीम की कप्तान हंसिका कामोया ने स्वर्ण पदक जीता, वही हंसिका ने सीनियर वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
63 किलोग्राम सीनियर महिला वर्ग में भाग्यश्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 87.5 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। 74 किलोग्राम मास्टर टू भार वर्ग में राहिल अहमद शेख ने स्वर्ण पदक, 74 किलोग्राम मास्टर फोर वर्ग में हरीश चावला ने स्वर्ण पदक एवं 83 किलोग्राम मास्टर फोर वर्ग में ओम सिंह चौहान ने स्वर्ण पदक जीता।
वहीं 66 किलोग्राम सीनियर पुरुष वर्ग में मोहित भट्ट ने कांस्य पदक जीता। 59 किलोग्राम सब जूनियर बालक भार वर्ग में रोहित कुमार ने कांस्य पदक जीता। जबकि 93 किलोग्राम भार वर्ग में मितांशु सेन शानदार प्रदर्शन करते हुए बेंच प्रेस में 142.5 किलो वजन उठाकर चौथे स्थान पर रहे।
इस तरह उदयपुर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण, एक रजत एवं दो कांस्य पदक सहित कुल 8 पदक जीते।
टीम के शानदार प्रदर्शन पर राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव डॉक्टर देवेंद्र साहू, खिलाड़ी चंद्रेश सोनी, भूपेंद्र व्यास, महाराणा प्रताप पुरस्कार विजेता माला सुखवाल, जिला खेल अधिकारी चित्तौड़गढ़ गिरधारी सिंह चौहान एवं उदयपुर जिला ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जालमचंद जैन सहित कई खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों ने पदक विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।