उदयपुर की वंदना शर्मा एवं प्रिया सुथार ने योगासन में जीते पदक

गोवा में आयोजित 37वें राष्ट्रीय खेलों में राजस्थान के लिए जीते पदक

 | 
medal in yoga

उदयपुर 10 नवंबर 2023। गोवा की राजधानी पणजी में 26 अक्टूबर से प्रारंभ हुए 37वीं राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभागिता करते हुए उदयपुर की दो बेटियों सुश्री वंदना शर्मा एवं सुश्री प्रिया सुथार ने योगासन के रिदमिक पेयर कैटेगरी में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अर्जित करने में सफलता प्राप्त की।

जानकारी देते हुए योग केंद्र के समन्वयक डॉ.दीपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि उक्त दोनों ही छात्राएं विश्वविद्यालय योग केंद्र के बीएससी पाठ्यक्रम के II व III सेमेस्टर में अध्यनरत है। यह पहला अवसर है कि राष्ट्रीय खेलों में योगासन प्रतियोगिता में उदयपुर से किसी खिलाड़ी ने पदक अर्जित करने में सफलता प्राप्त की है। 

पदक विजेता छात्राओं एवं  प्रशिक्षक राजू सिंह खीची को विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा तथा तथा क्रीड़ा मंडल अध्यक्ष प्रो. नीरज शर्मा ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है। सुविवि क्रीड़ा मंडल सचिव डॉ. भीमराज पटेल ने कहा कि आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उक्त पदक विजेताओं वंदना शर्मा एवं प्रिया सुथार को पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News