मोबाइल यूजर्स के लिए खुशखबरी ! जल्द ही सस्ते होंगे रिचार्ज प्लान, जानिए क्या है TRAI का प्लान ?

 | 
मोबाइल यूजर्स के लिए खुशखबरी ! जल्द ही सस्ते होंगे रिचार्ज प्लान, जानिए क्या है TRAI का प्लान ?

Udaipur Times, Mobile Recharge Plans : मोबाइल रिचार्ज प्लान जल्द ही सस्ते हो सकते हैं। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) एक ऐसे प्रस्ताव पर काम कर रहा है, जिसके तहत ग्राहकों को बिना डेटा वाले कॉल और SMS प्लान भी अलग से उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका फायदा उन लोगों को मिलेगा, जिन्हें इंटरनेट की जरूरत नहीं होती और वे केवल कॉलिंग के लिए मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं।

TRAI ने टेलीकम्युनिकेशन कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशंस, 2026 का मसौदा जारी किया है और इस पर टेलीकॉम कंपनियों व आम लोगों से सुझाव मांगे हैं। प्रस्ताव का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत के मुताबिक सस्ते और बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है।

क्या है नया प्रस्ताव?

फिलहाल टेलीकॉम कंपनियां सीमित वैधता वाले कुछ ही कॉल और SMS प्लान उपलब्ध कराती हैं। ऐसे में जिन ग्राहकों को डेटा की जरूरत नहीं होती, उन्हें भी डेटा वाले महंगे प्लान खरीदने पड़ते हैं।

TRAI ने प्रस्ताव दिया है कि यदि कोई कंपनी 7, 28, 56 या 84 दिनों की वैधता वाले डेटा प्लान देती है, तो उसे उसी अवधि के लिए केवल कॉल और SMS वाले प्लान भी उपलब्ध कराने होंगे।

कितने सस्ते हो सकते हैं प्लान?

जानकारों के मुताबिक, मौजूदा मोबाइल रिचार्ज  की कुल कीमत का लगभग 50 से 70 प्रतिशत हिस्सा डेटा के लिए होता है। ऐसे में यदि केवल कॉल और SMS वाले प्लान आए तो उनकी कीमत मौजूदा प्लान की तुलना में आधे से भी कम हो सकती है।

उदाहरण के तौर पर, अगर कोई प्लान अभी 300 रुपये का है, तो बिना डेटा वाला वही प्लान 100 से 150 रुपये के बीच उपलब्ध हो सकता है।

किन लोगों को होगा सबसे ज्यादा फायदा?

फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहक

बुजुर्ग, जिन्हें इंटरनेट की जरूरत नहीं होती

सिर्फ कॉलिंग के लिए दूसरा सिम रखने वाले लोग

घर या ऑफिस में Wi-Fi इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ता

Truecaller जैसी ऐप्स नहीं रोक पाएंगी जरूरी कॉल

TRAI ने मसौदे में यह भी साफ किया है कि Truecaller जैसी कॉल मैनेजमेंट ऐप्स 1600 और 140 सीरीज से आने वाली कॉल को ब्लॉक नहीं कर सकेंगी।

1600 सीरीज का इस्तेमाल बैंक, RBI, SEBI और सरकारी संस्थानों की जरूरी कॉल के लिए किया जाएगा, ताकि लोग इन्हें आसानी से पहचान सकें।

140 सीरीज का इस्तेमाल कंपनियों की प्रमोशनल कॉल के लिए होगा। यदि ग्राहक चाहें तो DND सेवा के जरिए इन कॉल्स को ब्लॉक कर सकेंगे।

कब लागू होंगे नए नियम?

TRAI फिलहाल इस प्रस्ताव पर सुझाव ले रहा है। अंतिम नियम जारी होने के बाद टेलीकॉम कंपनियों को इन्हें लागू करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा। माना जा रहा है कि नए नियम लागू होने के बाद टेलीकॉम कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और ग्राहकों को अधिक किफायती रिचार्ज प्लान मिल सकेंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News